MP में 22, 23, 24 और 25 सितंबर तक मौसम विभाग की बड़ी भविष्यवाणी, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; रहें सावधान
Tuesday, Sep 22, 2026-11:26 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य के कई जिलों में 24 और 25 सिंतबर को मौसम की चेतावनी जारी की गई है। करीब 17 जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं, 23 सिंतबर को कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल सकती है। आज यानी मंगलवार को राज्य में हल्की से मध्य बारिश का अनुमान है। जबकि कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाएं लोगों को परेशान करेगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्य बारिश के आसार है। इसी के साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके लिए मौसम विभाग ने सभी 55 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अगले दिन यानी कल 23 सितंबर को कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश की आशंका जताई गई हैं। इस दौरान जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में अधिक बारिश होने का अनुमान है।
वहीं, राजधानी भोपाल के मौसम की बात करें आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन, बारिश का अलर्ट नहीं है। यहां दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। जबकि दोपहर में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना होगा। बता दें कि मानसून की विदाई की शुरुआत सितंबर के आखिरी सप्ताह में होने की संभावना है। ऐसे में विदाई से पहले होने वाली यह बारिश प्रदेश के मौजूदा बारिश के आंकड़े को और सुधार सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की अपील की है। खराब मौसम के चलते लोगों को खुले मैदानों में खड़े होने से बचना होगा। साथ ही टिन शेड और धारदार वस्तुओं आदि के आसपास न खड़े हों। ताकि किसी भी तरह की कोई अनहोनी न हो। जहां एक तरफ लोगों को बारिश से राहत मिलेगी। वहीं, राज्य में तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास होगा।

