MP में 8, 9, 10 और 11 सितंबर तक मौसम विभाग की भविष्यवाणी, आज 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका; रहें सावधान
Tuesday, Sep 08, 2026-12:30 PM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिली है। नदियां-नाले उफान पर है। ऐसे में लोगों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसी बीच मौसम विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है। मंगलवार को राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की अपील है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज यानी मंगलवार को राज्य के 9 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इस दौरान रीवा, सीधी, सिंगरौली, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, मैहर और मऊगंज में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, गरज-चमक के साथ तेज रफ्तार हवाए चलेगी। जबकि अन्य शेष जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की आशंका है। इन जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का अनुमान भी जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
मौसम केंद्र के अनुसार 11 सितंबर तक रीवा और शहडोल संभाग में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। 12 सितंबर के बाद नया मौसम तंत्र सक्रिय होने पर प्रदेश के कई हिस्सों में फिर बारिश बढ़ सकती है।
1. गरज-चमक के दौरान घर में रहें। पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
2. बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए खेतों में काम करने से बचें
3. आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदानों और खेतों में काम करने से बचें
4. वाहन चलाते समय स्पीड हल्की रखें और स्टीयरिंग पर मजबूत पकड़ बनाए रखें
5. खराब मौसम में बच्चों व बुजुर्गों का विशेषकर ध्यान रखें

