Punjab Kesari MP ads

किसानों के मुद्दों पर जीतू पटवारी की बड़ी चेतावनी, बोले- महाराष्ट्र से राजस्थान सीमा तक महाचक्का जाम करेंगे

Wednesday, Apr 29, 2026-10:03 AM (IST)

भोपालः मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किसानों के मुद्दों को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। जीतू पटवारी ने 7 मई को महाराष्ट्र से राजस्थान सीमा तक महाचक्का जाम करने की चेतावनी दी है। पटवारी ने बुधनी में आयोजित किसान आक्रोश सत्याग्रह में कहा कि प्रदेश के किसान खाद की किल्लत, समर्थन मूल्य पर खरीदी में अव्यवस्था, बारदाने की कमी, स्लॉट बुकिंग में गड़बड़ी और भूमाफियाओं के कब्जे जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार विज्ञापनों में किसान कल्याण की बात करती है, जबकि वास्तविकता में किसान कर्ज और संकट से घिरा हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गेहूं पर 2700 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने का वादा किया था, लेकिन किसानों से कम दरों पर खरीदी की जा रही है। इसे उन्होंने किसानों के साथ अन्याय बताया। पटवारी ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 7 मई को आगरा-बॉम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाराष्ट्र सीमा से राजस्थान सीमा तक महाचक्का जाम किया जाएगा।

कहा कि यह आंदोलन सेंधवा, बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, शाजापुर, गुना, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना और ग्वालियर सहित विभिन्न जिलों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी और अन्नदाता के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक सचिन यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News