जीतू पटवारी ने खुद मास्क पहनकर अपने विधानसभा क्षेत्र की काॅलोनियों को कराया सैनिटाइज

4/13/2020 4:53:43 PM

इंदौर: मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में तेजी से फैल रहे कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए अब कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विधायक जीतू पटवारी खुद मैदान में उतर गए हैं। उन्होंने अपनी निगरानी में राऊ विधानसभा के वार्ड क्रमांक 81 की कई कॉलोनियों को सैनिटाइज कराया जिनमें उमेश नगर, चाणक्यपुरी, सिल्वर ऑक्स इलाके शामिल हैं। सैनिटाइजेशन का काम कराने वे खुद गलियों में पहुंचे और नगर निगम के कर्मचारियो के साथ खड़े दिखाई दिए।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सेल के अध्यक्ष जीतू पटवारी कुछ अलग काम करके अक्सर मीडिया की सुर्खियां बटोर लेते हैं। कभी वो सड़क पर उतरकर ट्रैफिक संभालते दिखते है तो कभी सिख समाज के कार्यक्रमों जूते चप्पल रखते हुए नजर आते है, लेकिन आजकल वो अपने विधानसभा क्षेत्र में कोरोना के बचाव को लेकर लोगों में जागरूकता के साथ ही क्षेत्र को सैनिटाइज कराने में लगे हुए है। उन्होंने अपने क्षेत्र की कॉलोनियों को अपनी निगरानी में सैनिटाइज कराया ताकि इन इलाकों में संक्रमण ना फैले। उन्होंने नगर निगम की सैनिटाइजर मशीनों को बुलाकर अपने सामने सैनिटाइजेशन का काम कराया।

PunjabKesari

इंदौर में अभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है। स्टेट प्लेन से शहर के 1142 सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं जिनकी अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में शामिल इंदौर में 328 संक्रमित मरीज सामने आ चुके है। सोमवार को 22 नए मामले सामने आए जिसमें 21 इंदौर के और 1 मरीज देवास का है। वहीं एक 42 साल के व्यक्ति की मौत की भी पुष्टि हुई है। ये अरविंदो अस्पताल में भर्ती था। जिले में अब तक इस वायरस से 33 लोगों की जान जा चुकी है।

वहीं सीएमएचओ प्रवीण जड़िया ने बताया कि कैंटोनमेंट क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य जारी है। अब तक 16 हजार से ज्यादा घरों का सर्वे हो चुका हैं। आशा, आंगनबाड़ी और टीचर्स की टीम ने सर्वे के दौरान ढाई सौ से ज्यादा मरीज खोजे हैं। डॉक्टरों द्वारा चेक करने पर 27 लोग सामान्य पाए गए थे, जिन्हें मौके पर ही दवा दी गई। बाकि मरीजों को क्वारेंटाइन किया गया है। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ा ली गई है। ईएसआई के 300 बेड के अस्पताल को अधिग्रहित किया गया है। मेडीकल कॉलेज के 400 बेड के अस्पताल को रेड  जोन के लिए चुना गया है। वहीं चोइथराम अस्पताल को भी रेड और येलो जोन में रखा गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News