MP में ‘के.एफ.रुस्तम जी’ पुरस्कारों की घोषणा, DSP-ASP-SP समेत 59 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित, देखें सूची
Wednesday, Jun 03, 2026-09:05 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने वर्ष 2022-23 और 2023-24 के लिए ‘के.एफ. रुस्तमजी’ पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा द्वारा सूची के अनुसार, राज्य के 59 अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा। इनमें 2022-23 के लिए 24 और वर्ष 2023-24 के लिए 35 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
मध्यप्रदेश पुलिस का यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उत्कृष्ट पुलिस सेवा, प्रभावी नेतृत्व, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा और पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीन श्रेणियों परम विशिष्ट श्रेणी, अति विशिष्ट श्रेणी और विशिष्ट श्रेणी में दिए जाते हैं।
इन पुरस्कारों के लिए वर्ष 2022-23 में जिन अफसरों का चयन किया गया है उसमें एसपी डिंडोरी आशीष खरे, सागर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा समेत एडिशनल एसपी, डीएसपी, इंस्पेक्टर, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को चयन हुआ है।
अलग-अलग श्रेणियों के इन पुरस्कारों के अंतर्गत परम विशिष्ट श्रेणी में एक रिवाल्वर तथा प्रमाण पत्र, अति विशिष्ट श्रेणी में एक 12 बोर गन तथा प्रमाण पत्र और विशिष्ट श्रेणी में 50 हजार रुपए और प्रमाण पत्र दिया जाता है। पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी आदेश में सभी पुलिसअधिकारियों और पुलिसकर्मियों के नाम की आधिकारिक घोषणा की गई एवं इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी गई है।

