ऐसी होगी MP की नई ‘कॉकरोच पार्टी’,बढ़ी बड़े राजनीतिक दलों की चिंता
Friday, May 22, 2026-06:45 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में एक नए राजनीतिक संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की एंट्री ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। भोपाल में आयोजित पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पार्टी ने खुद को औपचारिक रूप से प्रदेश की राजनीति में स्थापित करने का दावा किया है। पार्टी के नेताओं ने युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों के मुद्दों को केंद्र में रखकर बड़े जन आंदोलन की शुरुआत करने की बात कही है।
युवाओं को जोड़ने का बड़ा दावा, 1 करोड़ का टारगेट
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रतिनिधियों ने दावा किया कि उनका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को एकजुट कर एक मजबूत जन आंदोलन खड़ा करना है। पार्टी का लक्ष्य मध्यप्रदेश में करीब 1 करोड़ युवाओं को जोड़ने का रखा गया है। वहीं सोशल मीडिया पर पार्टी की पहुंच तेजी से बढ़ने का दावा करते हुए कहा गया कि यह आंकड़ा जल्द ही और व्यापक हो सकता है।
‘व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन’ का ऐलान
प्रदेश संयोजक मयंक ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति या दल विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि मौजूदा व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, बेरोजगारी, परीक्षा घोटाले और भ्रष्टाचार ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है, जिसके खिलाफ अब सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया जाएगा।
संगठन विस्तार की तैयारी तेज
पार्टी ने घोषणा की है कि मध्यप्रदेश में जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी और जिला स्तर की इकाइयों का गठन किया जाएगा। इसके लिए एक विस्तृत नियमावली तैयार की जा रही है। साथ ही देशभर में संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान चलाने की योजना भी बनाई गई है।
‘बड़े राजनीतिक दलों में बढ़ी चिंता’
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, नए और आक्रामक एजेंडे के साथ सामने आई इस पार्टी की गतिविधियों ने मौजूदा राजनीतिक दलों के बीच हलचल बढ़ा दी है। खासकर युवाओं को जोड़ने के दावे को देखते हुए इसे एक संभावित नई चुनौती के रूप में भी देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का दावा है कि आने वाले समय में यह आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार ले सकता है और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ सकते हैं।

