Punjab Kesari MP ads

MP की कमलनाथ सरकार लोगों से दान लेकर राम वन गमन पथ बनवाएगी, ट्रस्ट में साधु-संतों को करेगी शामिल

Thursday, Jan 30, 2020-08:39 PM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ ने राम वन गमन पथ निर्माण की समीक्षा बैठक में ट्रस्ट बनाने और पथ निर्माण का दायित्व सड़क विकास निगम को सौंपने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में 30 किलोमीटर अमरकंटक और 30 किलोमीटर चित्रकूट क्षेत्र से पथ का सर्वे कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। सीएम कमलनाथ ने कहा कि राम वन गमन पथ निर्माण के लिए ट्रस्ट गठित किया जाए। ट्रस्ट में साधु-संतों के साथ जनप्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। इसके निर्माण के लिए भगवान राम के प्रति आस्था रखने वालों से आर्थिक सहयोग भी प्राप्त किया जाए।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पथ निर्माण क्षेत्र का सर्वे कार्य तत्काल पूरा करें। पथ के दोनों ओर वृक्षारोपण सहित जो भी सुविधाएं और सौंदर्यीकरण का कार्य है उसकी भी योजना समय-सीमा में बनाई जाए। धनराशि की उपलब्धता के संबंध में कहा कि पथ निर्माण के लिए इस वर्ष बजट में 22 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अगले वर्ष भी राशि का पर्याप्त प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण से जुड़े सर्वे आदि का दायित्व सड़क विकास निगम को देने के निर्देश दिए हैं। निगम आध्यात्म विभाग के मार्गदर्शन में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान शासकीय, वन एवं निजी भूमि चिन्हित कर उसके अधिग्रहण सहित अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं। बैठक में यह भी तय किया गया कि चित्रकूट स्थित मंदिरों को मध्यप्रदेश विनिर्दिष्ट मंदिर अधिनियम के अंतर्गत लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने श्रीलंका में सीता माता के मंदिर तथा सांची में अंतर्राष्ट्रीय स्तर बौद्ध दर्शन केन्द्र विकसित करने की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अधिकारियों का उच्चस्तरीय दल श्रीलंका सरकार से चर्चा कर सीता मंदिर निर्माण कार्य को अंतिम रूप दें। बोधगया भी अधिकारियों का दल जाए और वहां के अनुभवों के आधार पर शीघ्र एक प्रोजेक्ट प्रस्तुत करें। यह दोनों कार्य समय-सीमा में शुरू करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांची में भी जो कार्य किए जाने है उसकी प्रोजेक्ट रिपोर्ट 10 दिन में तैयार करें और 30 दिन में क्या काम किए जाने हैं इसे अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने सांची बौद्ध अध्ययन केन्द्र, प्रशिक्षण केन्द्र सहित अन्य कार्यों के संबंध में जपान तथा श्रीलंका सहित अन्य बौद्ध धर्म के प्रति आस्था रखने वाले देशों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा करने को कहा। इसके आधार पर योजना बनाने के निर्देश दिए।

यह मार्ग करीब 350 किमी का है। राम वन गमन पथ चित्रकूट से शुरू होकर अमरकंटक तक बनाया जाना प्रस्तावित है। प्रोजक्ट रिपोर्ट में यह पथ पन्ना, कटनी, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, शहडोल और अमरकंटक सहित कुल 9 स्थान चिह्नित किए गए हैं। 350 किमी के प्रस्तावित इस मार्ग के लिए केवल 22 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि इस पर 600 करोड़ रुपए से ज्यादा के खर्चे का अनुमान है। आज मुख्यमंत्री ने इस पथ को बनाने के लिए लोगों से सहयोग लेने की बात कही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Related News