जन आक्रोश यात्रा में कांतिलाल भूरिया बोले- प्रण कर लो भाजपा की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकना है
Wednesday, Sep 27, 2023-07:33 PM (IST)

खंडवा (निशात सिद्दीकी): खंडवा में आज कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा ने प्रवेश किया। यात्रा छैगांवमाखन से खंडवा पहुंची। यात्रा का नेतृत्व कांतिलाल भूरिया और अखिल भारतीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त ने किया। सभा को संबोधित करते हुए कांतिलाल भूरिया ने कहा कि, हर घर से जन आक्रोश निकल रहा है। महिला, किसान, युवा और व्यापारियों के अधिकार छीन लिए हैं। अब प्रण कर लो कि 18 सालों की भ्रष्ट भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनते ही हम 11 सूत्रीय वचनों को पूरा करेंगे।
खंडवा के इंदौर नाका से यात्रा दादाजी मंदिर पहुंची, यहां से शनि मंदिर, जलेबी चौक होकर निगम तिराहे से जिला अस्पताल के सामने अंबेडकर प्रतिमा पहुंची। यहां 30 मिनट सभा के बाद जनआक्रोश यात्रा हरसूद के लिए रवाना हो गई।
इस दौरान कांतिलाल भूरिया ने भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनते ही हम 11 सूत्रीय वचनों को पूरा करेंगे। किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करेंगे युवाओं को रोजगार देंगे महिलाओं को सस्ते दाम में गैस की टंकी देंगे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में सब कुछ महंगा पेट्रोल महंगा डीजल महंगा खाने-पीने की चेंज महंगी है।
उन्होंने आगे कहा कि ये कैसा मामा हैं, शकुनी मामा हैं। बगल में छूरी रखता है। युवा बेरोजगार है, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे है। किसान आत्महत्या कर रहा है। लेकिन इस मामा को कोई परवाह नहीं है। किसानों की फसलें चौपट हो गई।