Punjab Kesari MP ads

स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, 5 युवक और 10 युवतियां पकड़ी गईं, पुलिस कर रही पूछताछ

Monday, Sep 21, 2026-02:30 PM (IST)

कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी में पुलिस ने स्पा सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रंगनाथ थाना क्षेत्र के बरगवां इलाके में रविवार को पुलिस टीम ने एक साथ दो स्पा सेंटरों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुल 15 युवक-युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें 5 युवक और 10 युवतियां शामिल हैं। पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बरगवां क्षेत्र में संचालित कुछ स्पा सेंटरों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में सेंटरों के भीतर संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर टीम गठित कर दोनों सेंटरों की निगरानी और कार्रवाई की गई।

अचानक पहुंची पुलिस तो मची अफरा-तफरी

रविवार शाम पुलिस टीम ने बरगवां स्थित नेचुरल थाई स्पा सेंटर में छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके से 5 युवकों और 5 युवतियों को हिरासत में लिया।

इसके बाद टीम ने दूसरे आवा स्पा सेंटर पर भी कार्रवाई की। यहां से 5 युवतियों को पुलिस ने पकड़ा। दोनों स्थानों से हिरासत में लिए गए सभी लोगों को थाने ले जाया गया, जहां उनसे अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ ऐसी सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि, बरामद सामग्री और उससे जुड़े तथ्यों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की बात कही गई है।

अलग-अलग राज्यों से जुड़ा है कनेक्शन?

जांच में यह भी सामने आया है कि हिरासत में ली गई युवतियां सिर्फ मध्य प्रदेश की ही नहीं हैं, बल्कि कुछ अन्य राज्यों और क्षेत्रों से भी यहां आई थीं। पुलिस के अनुसार इनमें मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा नॉर्थ ईस्ट और हरियाणा की युवतियां भी शामिल हैं।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों का स्पा सेंटरों से क्या संबंध था और यहां किस तरह की सेवाएं या गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इसके साथ ही सेंटर संचालकों, कर्मचारियों और अन्य जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

शिकायतों के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि स्पा सेंटरों को लेकर पुलिस को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ चल रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि स्पा सेंटरों में वास्तव में किस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं और इस मामले में किन लोगों की भूमिका सामने आती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News