भोपाल में पुलिस के बड़े अधिकारी के घर चोरी, 10 लाख का माल लेकर फरार हुए बदमाश
Friday, Sep 11, 2026-07:54 PM (IST)
भोपाल। (इजहार खान): मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चोरों ने पुलिस अधिकारी के सूने मकान को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। कोलार थाना क्षेत्र के डीके-2 इलाके में ट्रैफिक ACP विजय दुबे के घर का ताला तोड़कर बदमाश करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, वारदात गुरुवार रात की बताई जा रही है। घटना के समय ACP विजय दुबे ड्यूटी पर थे, जबकि उनका परिवार उज्जैन गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए।
देर रात जब ACP विजय दुबे अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 3 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, वहीं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि चोरों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की थी या उन्हें परिवार के घर से बाहर होने की जानकारी पहले से थी। फिलहाल पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और फॉरेंसिक जांच से मामले में जल्द अहम सुराग मिल सकते हैं।

