खंडवा : नमाज के बाद ऑपरेशन सिंदूर के लिए PM की हुई तारीफ, ग्लोबल वार्मिंग रोकने दिया हर घर में पेड़ लगाने का संदेश
Saturday, Jun 07, 2025-04:53 PM (IST)

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : देश भर में शनिवार को ईद उल अजहा का पर्व मुस्लिम समाज के द्वारा धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी बीच मध्य प्रदेश के खंडवा में भी हजारों की तादाद में मुस्लिम समाज जन ने शहर की ऐतिहासिक ईदगाह पर ईद की नमाज अदा की। यहां नमाज के दौरान शहर सहित देश भर में अमन चैन के लिए दुआएं मांगी गयीं। वहीं खास बात यह रही के यहां ईदगाह से पहलगाम हमले की निंदा करते हुए जहां एक ओर पाकिस्तान को आतंकी देश बताया गया। तो वहीं आतंकवादियों के खात्मे के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया गया।
इसके साथ ही यहां ग्लोबल वार्मिंग पर भी चर्चा हुई, और उसके दुष्प्रभावों को रोकने के लिए सभी से हर घर एक पौधा के नाम से कैंपेन चलाते हुए अपने-अपने घरों में एक-एक पौधा लगाकर, पेड़ बनने तक उसकी सुरक्षा का जिम्मा लेने की भी ताकीद शहर काजी सय्यद निसार अली के द्वारा ईदगाह से की गई।
खंडवा की ईदगाह में शहर काजी सैय्यद निसार अली की सरपरस्ती में ईद उल अजहा की नामाज अदा कराई गई। यहां नामाज के दौरान पहुंचे हजारों लोगों को ईदगाह से दिए खुतबे में बताया गया कि, किस तरह से अल्लाह ने हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी को कबूल किया और उन्होंने अल्लाह के हुक्म पर अपने बेटे हजरत ईस्माइल अलैहिस्सलाम को जिब्ह करने के लिए जब छुरी चलाई, तो वह छुरी जन्नत से आए एक मेंड़े (नर भेड़) पर चली और उसकी याद में ही हर साल मुस्लिम समाजजन ईद के पर्व पर नमाज के बाद कुर्बानी के रस्म अदा करते हैं।
नमाज के बाद समाज जन ने एक दूसरे के साथ गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं इसके साथ ही खंडवा शहर की 43 मस्जिदों में भी ईद का नामाज अदा कराई गई। साथ ही इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के खास सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।