Punjab Kesari MP ads

लाड़ली बहना योजना में फिर जुड़ेंगे नए नाम? पोर्टल खुलने पर आया बड़ा अपडेट

Wednesday, Oct 14, 2026-02:47 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना को लेकर महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। योजना का लाभ पाने से वंचित रह गई महिलाओं को एक बार फिर इसमें शामिल होने का मौका मिल सकता है। प्रदेश सरकार की ओर से ऐसे मामलों का आकलन करने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है। यदि आगे की प्रक्रिया में नए नाम जोड़ने का निर्णय होता है, तो पात्र महिलाओं के लिए योजना से जुड़ने का रास्ता खुल सकता है।

राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने योजना में नए नाम जोड़ने को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में योजना के लिए पोर्टल दोबारा खोले जाने की संभावना है, जिससे अब तक योजना से बाहर रह गई महिलाओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी।

मंत्री के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी योजना से छूट गई महिलाओं का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य उन महिलाओं की स्थिति का पता लगाना है, जो किसी कारणवश अब तक योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं। हालांकि, नए पंजीयन की शुरुआत कब होगी और पोर्टल किस तारीख से खुलेगा, इसे लेकर फिलहाल कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है।

किन महिलाओं को मिल सकता है मौका?

लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाती है। ऐसे में जिन महिलाओं के नाम अब तक योजना में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी नजरें सरकार के अगले फैसले पर रहेंगी। आकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नए नाम जोड़ने और आवेदन से जुड़ी शर्तों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल महिलाओं को सलाह है कि वे नए पंजीयन की तारीख घोषित होने का इंतजार करें और किसी भी आधिकारिक सूचना के लिए मध्य प्रदेश सरकार या योजना के अधिकृत माध्यमों पर नजर बनाए रखें। पोर्टल दोबारा खुलने की खबर के बीच सबसे अहम सवाल यही है कि आवेदन की प्रक्रिया कब शुरू होगी और किन पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिल पाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News