Punjab Kesari MP ads

कॉलेज के बाहर से लॉ छात्रा का अपहरण, बलेनो कार में ले गया आरोपी, पुलिस अलर्ट

Wednesday, May 06, 2026-07:18 PM (IST)

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब कम्पू थाना क्षेत्र में एक लॉ छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। इस वारदात ने कॉलेज क्षेत्र से लेकर पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जगह-जगह नाकाबंदी कर दी गई है।

कॉलेज के पास से उठाई गई छात्रा

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कैंसर पहाड़िया स्थित महात्मा गांधी लॉ कॉलेज के पास की है। फोर्थ सेमेस्टर में पढ़ने वाली सेकंड ईयर की छात्रा अपनी एक फर्स्ट ईयर की जूनियर के साथ कॉलेज के बाहर खड़ी थी। तभी एक बलेनो कार में सवार बदमाश वहां पहुंचा और अचानक जूनियर छात्रा को धक्का देकर मुख्य छात्रा को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गया।
घटना के बाद वहां मौजूद जूनियर छात्रा घबरा गई और तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी मिली।

पुराने विवाद से जुड़ा शक

छात्रा की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस अपहरण के पीछे जीतू तोमर नामक युवक का हाथ है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले छात्रा ने उसके खिलाफ कम्पू थाने में छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था। हालांकि कुछ दिन पहले ही आरोपी जमानत पर बाहर आया था। इसी के बाद यह घटना सामने आने से पुलिस भी पुराने विवाद के एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस ने तेज की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और सभी संभावित रास्तों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल इस घटना ने कॉलेज छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News