चार हजार रुपये की रिश्वत लेते लाइनमैन गिरफ्तार, लोकायुक्त ने रंगे हाथ पकड़ा
Friday, Oct 23, 2026-04:34 PM (IST)
धार : मध्यप्रदेश में धार जिले के बदनावर में मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एक लाइन परिचालक को लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी कराने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। वह शिकायतकर्ता से पहले ही 15 हजार रुपये ले चुका था। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, बदनावर तहसील के ग्राम बालोदा माझी निवासी किसान राजेश दास (38) ने अपने पिता के नाम दर्ज अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी कराने के लिए लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन (35) को आवेदन और दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि करीब तीन माह पहले काम कराने के बदले आरोपी ने 20 हजार रुपये की मांग की थी। इसमें से 10 हजार रुपये नकद और पांच हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से दिए जा चुके थे। शेष राशि में से चार हजार रुपये के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था। परेशान होकर राजेश दास ने 22 अक्टूबर को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार को लोकायुक्त निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। योजनाबद्ध कारर्वाई के दौरान बदनावर स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय में जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को चार हजार रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कारर्वाई की जा रही है। कारर्वाई में प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा और आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, पवन पटोरिया, सतीश यादव तथा कृष्ण अहिरवार शामिल रहे।

