धार्मिक नगरी उज्जैन में बड़े संत पर हमला, कार पर की पत्थरों की बौछार, बाल-बाल बचे महामंडलेश्वर
Thursday, Jun 18, 2026-01:47 PM (IST)
उज्जैन। (विशाल सिंह): धर्मनगरी उज्जैन में संत समाज से जुड़े एक प्रमुख धार्मिक व्यक्तित्व पर हुए हमले ने सनसनी फैला दी है। श्री पंच निर्मोही अणि अखाड़े के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज की स्कॉर्पियो कार पर देर रात अज्ञात युवकों ने पथराव कर दिया। हमले में महाराज सुरक्षित रहे, लेकिन वाहन के आगे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, सदावल रोड स्थित आश्रम में निवासरत महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे देवास से उज्जैन लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो हनुमानगढ़ी क्षेत्र के पास पहुंची, चार अज्ञात युवकों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। वाहन नहीं रुकने पर आरोपियों ने अचानक कार पर पत्थरों की बौछार कर दी।
अचानक हुए हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पथराव के कारण स्कॉर्पियो के आगे के शीशे टूट गए, हालांकि वाहन में सवार महामंडलेश्वर और अन्य लोग सुरक्षित रहे। घटना के तुरंत बाद ज्ञानदास महाराज महाकाल थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
महामंडलेश्वर ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की घटनाएं जारी रहीं तो उन्हें किसी अन्य तीर्थ में जाकर बसने या भू-समाधि लेने जैसा कठोर निर्णय लेना पड़ सकता है।
इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि संत समाज के एक वरिष्ठ धर्मगुरु को निशाना बनाने वाले आखिर कौन थे और उनके इरादे क्या थे? इस पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

