अलीबाबा और 40 चोर की सरकार''... जीतू पटवारी का बड़ा हमला, बोले- महाकाल से अयोध्या तक चोरी ही चोरी!
Sunday, Jul 05, 2026-11:13 AM (IST)
सीहोर। (धर्मेंद्र राय): मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीहोर दौरे के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। भोपाल से साइकिल यात्रा करते हुए सीहोर पहुंचे पटवारी ने प्रसिद्ध गणेश मंदिर में दर्शन-पूजन किया और उसके बाद मीडिया से बातचीत में सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि प्रदेश में अलीबाबा और 40 चोर की सरकार चल रही है।
पटवारी ने आरोप लगाया कि महाकाल से लेकर अयोध्या तक कथित घोटालों और लूट के मामलों पर मुख्यमंत्री जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश से उनकी प्रार्थना है कि "इन चोरों को सद्बुद्धि दें।"
उन्होंने घोषणा की कि 14 और 15 जुलाई को कांग्रेस पूरे मध्य प्रदेश में सुरक्षित शिक्षा और शिक्षा की गारंटी" अभियान चलाएगी। इस दौरान केजी से पीजी तक मुफ्त और सभी वर्गों के लिए समान शिक्षा की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी यात्रा निकाली जाएगी। पटवारी ने कहा कि यह अभियान राहुल गांधी की सोच और शिक्षा के अधिकार को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस 100 प्रतिशत उपचुनाव जीतेगी, क्योंकि दतिया की जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
वहीं मूंग खरीदी के मुद्दे पर उन्होंने राज्य सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर नहीं खरीदी जा रही और कम कीमत पर खरीद किसानों के अधिकारों का हनन है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों के हितों की रक्षा के लिए इस संबंध में सख्त कानून बनाया जाएगा।
सीहोर से जीतू पटवारी के इस दौरे ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति को गर्मा दिया है। भ्रष्टाचार, शिक्षा, किसानों और दतिया उपचुनाव जैसे मुद्दों पर उनके तीखे बयान आने वाले दिनों में सियासी बहस को और तेज कर सकते हैं।

