बड़ी कार्रवाई: ग्राम पंचायत सचिव पर गिरी निलंबन की गाज, लगा गंभीर आरोप; ये है पूरा मामला
Friday, Apr 24, 2026-12:26 PM (IST)
CG Desk: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जिला पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत केशगवां के सचिव को निलंबित किया गया है। 15वें वित्त आयोग से मिली लगभग 3 लाख रुपये की राशि के कथित फर्जी निकासी और गबन का आरोप लगा है। मामले में जांच के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत केशगवां में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद पंचायत सचिव श्यामलाल सूर्यवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाया गया है।
मामले की विस्तृत जांच के लिए जांच समिति गठित की गई। जांच में सामने आया कि ‘ई-ग्राम स्वराज’ पोर्टल पर सरपंच के यूजर प्रोफाइल में सचिव श्यामलाल सूर्यवंशी का मोबाइल नंबर दर्ज था। इससे प्रथम दृष्टया यह संकेत मिला कि सरपंच के डिजिटल हस्ताक्षर (डीएससी) का दुरुपयोग कर राशि निकाली गई। प्रकरण में छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 और ग्राम पंचायत नियम 1999 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत सचिव को निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा नियम 1999 के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, इस निलंबन अवधि के दौरान श्यामलाल सूर्यवंशी का मुख्यालय जनपद पंचायत सोनहत निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अधिकारी नियुक्त किए गए है। विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। निलंबन के बाद पंचायत कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। ग्राम पंचायत केशगवां का अतिरिक्त प्रभार शिवनारायण साहू को तथा बसवाही का प्रभार रामप्रकाश साहू को अस्थायी रूप से सौंपा गया है।

