राज्य में बड़ी कार्रवाईः शाखा प्रबंधक समेत 8 कर्मचारी बर्खास्त, 18 करोड़ गबन का आरोप, मचा हड़ंकप
Thursday, Jun 25, 2026-11:39 AM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ राज्य में से इस वक्त की बड़ी कार्रवाई की सूचना मिली है। यहां शाखा प्रबंधक, लेखाधिकारी और लिपिक सहित 8 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया है। इन अधिकारियों और कर्मचारियों पर सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में करीब 18.13 करोड़ रुपए के गबन का आरोप लगा है। मामले में ईओडब्लयू जल्द ही विस्तृत जांच करेगी।
जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 यानी चार साल के बीच शाखा कर्मचारियों ने समितियों और डीएमआर खातों में नियमों के विपरीत लेन-देन कर करोड़ों रुपए का अनाधिकृत हस्तांतरण किया। मामले के सामने आने के बाद बैंक ने उच्च स्तरीय जांच कराई गई। जिसमें वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई। मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक डीआर वाधमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल को बर्खास्त कर दिया गया है।
इसके अलावा पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास्तव, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को नौकरी से हटा दिया गया है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि गबन में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमानुसार पूरी राशि की वसूली की जाएगी।
बैंक प्रबंधन का दावा है कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई का सकारात्मक असर बैंक के प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया है। वर्ष 2024-25 में 38.99 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित करने वाले बैंक ने 2025-26 में 40.86 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। बैंक का कहना है कि पारदर्शिता, डिजिटल निगरानी और जवाबदेही की नई व्यवस्था से सहकारी बैंकिंग प्रणाली में किसानों और खाताधारकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

