MP के इस जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, SDM को हटाया, कलेक्टर को हटाने की तैयारी, इनका हुआ प्रमोशन
Monday, Mar 09, 2026-02:20 PM (IST)
भोपाल : मध्य प्रदेश के दमोह में बड़े स्तर पर फेरबदल हुआ है। जहां एसडीएम आरएल बागरी हटाए गए है। उनकी जगह तेंदूखेड़ा एसडीएम सौरभ गंदर्भ को दमोह की कमान सौपी गई है। दमोह कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी नए प्रशासनिक आदेश के तहत अपर कलेक्टर मीना मेसराम को जिले के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डिप्टी कलेक्टर सीजी गोस्वामी को तेंदूखेड़ा एसडीएम नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर का भी स्थानांतरण हो सकता है। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कार्य विभाजन किया गया है। आदेश के अनुसार एडीएम मीना मेसराम अब जनसंपर्क विभाग, परिवहन विभाग, आबकारी विभाग, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, जिला खाद्य शाखा और जिला आपदा प्रबंधन जैसे अहम विभागों के कार्यों की निगरानी करेंगी।
यातायात और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की भी जिम्मेदारी
जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एडीएम मीना मेसराम को औद्योगिक सुरक्षा और खनिज विभाग से जुड़े कार्यों का दायित्व भी सौंपा गया है। इसके अलावा जिले में यातायात व्यवस्था से संबंधित कार्यों की निगरानी, जिला परिवहन समिति और सड़क सुरक्षा समिति से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है। इन विभागों के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया गया कार्य विभाजन
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में प्रशासनिक कार्यों की बेहतर निगरानी, समन्वय और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए यह नया कार्य विभाजन किया गया है। विभिन्न विभागों के बीच जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण करने से प्रशासनिक प्रक्रिया को अधिक सुगम और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
प्रशासन द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। साथ ही इसकी प्रतिलिपि जिले के सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है, ताकि अधिकारी अपने-अपने दायित्वों के अनुसार कार्यों का संचालन शुरू कर सकें और जिले में प्रशासनिक कार्यों की गति को बनाए रखा जा सके।

