Punjab Kesari MP ads

सिलेंडरों से भरे ट्रक की बल्कर से भीषण टक्कर, चिंगारी पड़ती तो उड़ जाता पूरा इलाका

Saturday, Jun 20, 2026-04:00 PM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला): मध्य प्रदेश के सीधी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हड़बड़ो में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे रसोई गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक और बल्कर वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में कोई विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।

प्रत्यक्षदर्शी दीपक तिवारी ने बताया कि बल्कर वाहन कथित रूप से रॉन्ग साइड से आ रहा था, जबकि सामने से गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। उन्होंने आशंका जताई कि यदि सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता तो आसपास के मकानों को भारी नुकसान पहुंच सकता था और जनहानि भी हो सकती थी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। दीपक तिवारी ने परिवहन एवं यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News