पुलिस की बड़ी कार्रवाईः साइबर ठगी मामले में दो म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार, 5 लाख रूपए से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का हुआ खुलासा
Tuesday, Jul 14, 2026-05:30 PM (IST)
दंतेवाड़ा (आज़ाद सक्सेना): दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों में साइबर ठगी से जुड़े 5 लाख 29 हजार 898 रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। दोनों आरोपी अपने बैंक खाते, पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड किराये पर देकर साइबर ठगी की रकम के अवैध लेन-देन में मदद करते थे।
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल और थाना कुआकोंडा की संयुक्त जांच में आरोपी दीपेश कुंजाम और चेतन कुंजाम को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि दोनों कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(4) और 318(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
दंतेवाड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या चेकबुक कभी भी किराये पर न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सायबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।

