Punjab Kesari MP ads

पुलिस विभाग में 185 आरक्षक बने प्रधान आरक्षक, लंबे इंतजार के बाद पदोन्नति सूची जारी

Monday, Jul 13, 2026-04:58 PM (IST)

बैतूलः मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में विभागीय पदोन्नति समिति की अनुशंसा पर 185 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। यह प्रक्रिया मध्यप्रदेश सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों तथा मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 के प्रावधानों के अनुरूप पूरी की गई।

पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न वर्गों के 185 रिक्त पदों के विरुद्ध पात्र आरक्षकों का चयन किया गया। इनमें अनारक्षित वर्ग के 124, अनुसूचित जनजाति वर्ग के 38 तथा अनुसूचित जाति वर्ग के 23 आरक्षक शामिल हैं। विभाग ने भविष्य में रिक्तियां उत्पन्न होने की स्थिति को देखते हुए 18 पात्र आरक्षकों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की है। इसमें अनारक्षित वर्ग के 12, अनुसूचित जनजाति वर्ग के चार तथा अनुसूचित जाति वर्ग के दो आरक्षक शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न की गई है। साथ ही पूर्व में कार्यवाहक प्रधान आरक्षक के रूप में जारी आदेश नियमानुसार निरस्त कर दिए गए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पदोन्नत कर्मचारी के संबंध में पदोन्नति नियमों के तहत अयोग्यता, दंड, आपराधिक प्रकरण अथवा अभिलेखीय विसंगति सामने आती है तो संबंधित पदोन्नति आदेश नियमानुसार निरस्त किया जा सकेगा। सभी पदोन्नतियां सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय में लंबित मामलों में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने पदोन्नत सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति सम्मान के साथ-साथ अधिक जिम्मेदारी भी लेकर आती है। उन्होंने सभी नवपदोन्नत प्रधान आरक्षकों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ करते हुए आमजन को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को पदोन्नति आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News