भाजपा को बड़ा झटका! BJP नगर पालिका अध्यक्ष समेत 30 पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, राजनीतिक हल्कों में चर्चा
Wednesday, Oct 07, 2026-12:15 PM (IST)
एमपी डेस्कः मध्यप्रदेश के डबरा जिले में से इस वक्त की बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। जहां बीजेपी नगर पालिका अध्यक्ष समेत 30 पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा दिया। नगर पालिका विवाद के बीच थाने में धरने पर बैठे पार्षदों ने यह निर्णय लिया। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी देवी, उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे, कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय समेत 30 पार्षदों ने इस्तीफा दिया है। वहीं, मामले को बढ़ता देख देर रात पूर्व मंत्री इमरती देवी भी पहुंची।
दरअसल, वार्ड 13 के पार्षद हीरा सिंह से विवाद के बाद कई पार्षदों ने थाने में धरना दिया था। दरअसल, एफआईआर दर्ज कराने को लेकर जमकर विरोध किया था। पुलिस ने 6 पार्षदों पर शांति भाग की कार्यवाही कर नोटिस जारी किए। जैसे ही पार्षदों को नोटिस मिले तो सीधे थाने पहुंचे और इस कार्यवाही को पुलिस की तानाशाही बताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक थाने में बाहर पार्षद बैठे रहे, जमीन पर खाना भी खाया।
इस दौरान जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर भी पार्षदों से मिलने पहुंचे पर उनका व्यवहार ठीक न होने के कारण पार्षदों ने उनकी बात सुनने से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद वह चले गए। हालांकि कुछ देर बाद फिर पूर्व मंत्री इमरती देवी के थाने पहुंचने के चलते जयराज कुबेर को वापिस लौटना पड़ा। पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कहा कि पार्षदों पर पुलिस की कार्यवाही गलत तरीके से की गई है। मेरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव से बात हुई है वे डबरा आएंगे और पार्षदों की बात सुनेंगे।


