नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी सफलता, ड्रग्स बनाने का केमिकल जब्त, किराए के मकान से बड़ा खुलासा

Wednesday, Feb 25, 2026-08:16 PM (IST)

मंदसौर (शाहरुख मिर्जा) : मध्यप्रदेश के मंदसौर से बड़ी खबर सामने आई है। जहां वायडी नगर थाना पुलिस ने ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाला 1886 किलो से ज्यादा संदिग्ध केमिकल जब्त किया है। यह केमिकल एक किराए के मकान में ड्रमों में भरकर रखा गया था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मंदसौर जिले के वायडी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक किराए के मकान से 1886 दशमलव 6 किलोग्राम संदिग्ध केमिकल जब्त किया है, जो ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल किया जाना था।

जानकारी के मुताबिक, मकान मालकिन द्वारा दी गई शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जब मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, तो हाल में प्लास्टिक के कई ड्रम रखे मिले। ड्रम खोलकर देखने पर उनमें तीव्र गंध वाला तरल पदार्थ पाया गया, जो मादक पदार्थ निर्माण में उपयोग होने वाला संदिग्ध केमिकल निकला।

PunjabKesari

यह मकान एक जनवरी 2026 से राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी श्रेयांस मोगरा को किराए पर दिया गया था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह भी जांच की जा रही है कि इस केमिकल की सप्लाई कहां से हुई और इसे कहां भेजा जाना था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय व वायडी नगर पुलिस  टीम का अहम योगदान रहा। फिलहाल पूरे नेटवर्क को खंगालने की कार्रवाई जारी है।

मंदसौर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि नशे के कारोबारियों पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।देखना होगा कि जांच में और कितने खुलासे सामने आते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News