Punjab Kesari MP ads

MP में दुखद घटना: 5 दिन पहले जीता चुनाव, पदभार संभालने से पहले नेताजी का हार्ट अटैक से निधन

Friday, Oct 09, 2026-12:19 PM (IST)

मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की कैलाशपुर पंचायत से एक दुखद खबर सामने आई है। उपचुनाव में सरपंच पद पर जीत हासिल करने वाले रामप्रसाद मीणा का अचानक निधन हो गया। चुनाव परिणाम आने के महज पांच दिन बाद उनके निधन की खबर से परिवार, समर्थकों और ग्रामीणों में शोक छा गया। जिस गांव में कुछ दिन पहले चुनावी जीत का जश्न मनाया जा रहा था, वहां अब मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भानपुरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कैलाशपुर में सरपंच पद के लिए उपचुनाव कराया गया था। इस चुनाव में रामप्रसाद मीणा ने शानदार जीत दर्ज की थी। 3 अक्टूबर को मतगणना के दौरान उनकी जीत सामने आई थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को 450 से अधिक मतों के अंतर से हराया था। इस जीत के बाद उनके समर्थकों और गांव के लोगों में उत्साह का माहौल था।

हालांकि, यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी। गुरुवार, 8 अक्टूबर को रामप्रसाद मीणा का हार्ट अटैक के कारण अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों और समर्थकों के लिए यह खबर बेहद दुखद रही।

PunjabKesari

सरपंच पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले ही निधन

रामप्रसाद मीणा की जीत को अभी पांच दिन ही हुए थे। वह सरपंच पद का औपचारिक रूप से कार्यभार भी ग्रहण नहीं कर पाए थे कि उनका निधन हो गया। ग्रामीणों को उनसे पंचायत के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीदें थीं, लेकिन उनके असामयिक निधन से इन उम्मीदों को गहरा झटका लगा है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

कैलाशपुर पंचायत में सरपंच के निधन के बाद उपचुनाव होने का यह मामला भी चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक, इससे पहले पूर्व सरपंच रमेशचंद्र गायरी का भी हार्ट अटैक से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद ही सरपंच पद रिक्त हुआ और उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी कराई गई थी। अब नवनिर्वाचित सरपंच रामप्रसाद मीणा के निधन से पंचायत एक बार फिर शोक में डूब गई है। रामप्रसाद मीणा के निधन पर स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों ने दुख व्यक्त किया है। पांच दिन पहले मिली चुनावी जीत की खुशी के बाद सामने आई इस दुखद घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News