पुलिस विभाग में अचानक बड़ा फेरबदल! 1 महीने में ही बदल दिए गए कई अधिकारी
Friday, May 29, 2026-04:44 PM (IST)
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस महकमे के भीतर लगातार हो रहे तबादलों ने एक बार फिर प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। जिले के एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा लागू की गई नई पुलिसिंग व्यवस्था के बीच कई थाना प्रभारियों को एक माह के भीतर ही दूसरी जगह भेज दिया गया है। हालात ऐसे हैं कि कुछ थानेदार अपनी कुर्सी पर ठीक से बैठ भी नहीं पाए और तबादला आदेश जारी हो गया।
सबसे ज्यादा चर्चा कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामोदर कोसले को लेकर है, जिन्हें अप्रैल में बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए कोनी थाने का प्रभार दिया गया था। लेकिन महज एक महीने के भीतर ही उन्हें हटा दिया गया। उनकी जगह अब तखतपुर टीआई विवेक पांडेय को कोनी थाना सौंपा गया है।
पुलिस विभाग के अंदर इसे एसएसपी की सख्त कार्यशैली और लगातार मॉनिटरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है।दरअसल, एसएसपी रजनेश सिंह जिले में नई पुलिसिंग व्यवस्था लागू कर चुके हैं। इसके तहत कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने के उद्देश्य से सीएसपी और एसडीओपी कार्यालयों में भी निरीक्षकों की तैनाती की जा रही है। इसी रणनीति के तहत लगातार ट्रांसफर किए जा रहे हैं।
अप्रैल महीने में एक साथ 13 थाना प्रभारियों के तबादले किए गए थे। इसके कुछ ही दिनों बाद तीन और निरीक्षकों का ट्रांसफर हुआ, जबकि अब सात इंस्पेक्टरों की नई सूची जारी कर दी गई है। खास बात यह है कि इनमें कई वही अधिकारी शामिल हैं, जिनकी हाल ही में नई पोस्टिंग हुई थी।
विवादों में रहे निरीक्षक उमेश साहू को भी फिर से थाना मिल गया है। अप्रैल में उन्हें चकरभाठा से हटाकर अजाक थाना भेजा गया था, लेकिन अब उन्हें सकरी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। वहीं सकरी टीआई विजय चौधरी को शिकायत शाखा अटैच किया गया है।
नई सूची के मुताबिक शिकायत शाखा में पदस्थ निरीक्षक निलेश पांडेय को रतनपुर थाना प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन में पदस्थ अवनीश पासवान को तखतपुर टीआई की जिम्मेदारी मिली है, जबकि उत्तम साहू को पुलिस लाइन से अजाक थाना भेजा गया है।
लगातार हो रहे इन तबादलों ने यह साफ कर दिया है कि बिलासपुर पुलिस में अब प्रदर्शन और कार्यशैली के आधार पर तेजी से फैसले लिए जा रहे हैं। हालांकि, इतनी कम अवधि में बार-बार हो रहे बदलावों को लेकर विभाग के भीतर चर्चा भी तेज हो गई है।

