शिवनाथ नदी में युवक लापता! मोबाइल स्टेटस बना रहस्य, हत्या या आत्महत्या? जांच में उलझा मामला, धमधा में सनसनी
Saturday, Apr 25, 2026-06:33 PM (IST)
धमधा (हेमंत पाल): छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी किनारे एक रहस्यमयी घटना सामने आई है, जहां उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी मोहम्मद शेख संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और मामला हत्या व आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद शेख घर-घर जाकर पुराने केस के बदले बर्तन देने का काम करते थे और इन दिनों धमधा क्षेत्र में रहकर व्यवसाय कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर एक संदिग्ध स्टेटस लगाया, जिसके कुछ समय बाद वे शिवनाथ नदी की ओर चले गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां नदी किनारे से उनका मोबाइल फोन, बाइक और कपड़े बरामद किए गए। हालांकि देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। गोताखोरों की टीम द्वारा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। युवक के मोबाइल स्टेटस, कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी साजिश का हिस्सा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

