बैंक कर्मचारी की रहस्यमयी मौत से इलाके सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
Monday, Apr 20, 2026-02:58 PM (IST)
झाबुआः मध्यप्रदेश के झाबुआ में एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत 35 वर्षीय कर्मचारी नवीन मारू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके किराए के मकान के बाथरूम में मिला। वह मूल रूप से धार जिले के लाबरिया गांव के निवासी थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार सुबह से सहकर्मी लगातार उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर सहकर्मी रात में उनके घर पहुंचे, जहां बाथरूम में वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिकित्सक को बुलाया, जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत दिन में ही हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमाटर्म कराया गया। जिसके बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतक के पिता गोकुल मारू के अनुसार नवीन झाबुआ स्थित एल एंड टी कंपनी के कार्यालय में कार्यरत थे। दोपहर में उनकी पत्नी से बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने कमरे पर पहुंचने और जल्द घर आने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद संपर्क नहीं हो सका।

