Punjab Kesari MP ads

FIR होते ही भड़के कांग्रेस के दिग्गज नेता और विधायक, SP को कहा ‘चोर

Wednesday, May 20, 2026-08:19 PM (IST)

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में हंडिया थाना क्षेत्र के चक्काजाम मामले ने बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस ने हरदा विधायक डॉ. आर.के. दोगने सहित 35 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वहीं FIR के बाद विधायक ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी, एसडीएम और एएसपी को ‘चोर’ तक कह दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया है।

अजबसिंह की मौत के बाद भड़का मामला

पूरा मामला ग्राम रेलवा निवासी 80 वर्षीय अजबसिंह ठाकुर की मौत से जुड़ा है। परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इसी मुद्दे को लेकर 10 मई को विधायक डॉ. आर.के. दोगने, कांग्रेस नेताओं और एससी-एसटी समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान पहले थाने के सामने और फिर इंदौर–बैतूल हाईवे पर शव रखकर करीब 4 घंटे तक चक्काजाम किया गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

विधायक का प्रशासन पर गंभीर हमला

FIR दर्ज होने पर नाराज विधायक डॉ. आर.के. दोगने ने प्रशासन पर भाजपा दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है। विवादित बयान देते हुए विधायक ने एसपी, एसडीएम और एएसपी को ‘चोर’ कहा, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

पुलिस का जवाब: कार्रवाई नियमों के तहत

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि NHAI की शिकायत पर हाईवे जाम करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है, इसमें किसी तरह का दबाव नहीं है।

हाईवे जाम को बताया गया गैरकानूनी

पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर आवागमन बाधित किया, जो कि कानून के खिलाफ है। नेशनल हाईवे एक्ट के तहत इस तरह की कार्रवाई पर सजा और जुर्माने का प्रावधान है। पुलिस ने साफ किया है कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि नियमों के तहत की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News