Punjab Kesari MP ads

संत ने विधायक को घूंसा मारकर दिया आशीर्वाद? Viral Video पर MLA ने तोड़ी चुप्पी

Saturday, Apr 18, 2026-03:30 PM (IST)

दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया में इन दिनों रसनौल धाम के संत सीताराम महाराज और भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल का एक वीडियो जमकर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में संत सीताराम महाराज विधायक को घूंसा मारते और धक्का देते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद लोगों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। किसी ने इसे संत का अनोखा आशीर्वाद बताया, तो कई लोगों ने इस तरीके पर सवाल भी उठाए।

अब इस पूरे मामले पर सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल ने खुद सामने आकर बयान दिया है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि संत सीताराम महाराज कोई साधारण संत नहीं, बल्कि बेहद सिद्ध और पूजनीय संत हैं। उन्होंने बताया कि महाराज मूल रूप से बेरछा गांव के रहने वाले हैं और वर्षों से लोग उनकी आस्था से जुड़े हुए हैं।

विधायक अग्रवाल ने कहा कि जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें घूंसा मारना और धक्का देना किसी अपमान या नाराजगी का संकेत नहीं, बल्कि महाराज का आशीर्वाद देने का अपना अलग तरीका है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें पहले भी कई बार इसी तरह आशीर्वाद मिल चुका है और इसे गलत अर्थों में नहीं लिया जाना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि संत सीताराम महाराज के बारे में गलत टिप्पणियां करना, टीवी चैनलों या अखबारों में भ्रामक खबरें चलाना उचित नहीं है। ऐसे प्रयासों की वे कड़ी निंदा करते हैं। विधायक ने लोगों से अपील की कि धार्मिक संतों और आस्था से जुड़े विषयों को सनसनीखेज बनाने से बचें और बिना पूरी सच्चाई जाने किसी निष्कर्ष पर न पहुंचें।

प्रदीप अग्रवाल ने अंत में कहा कि वे हमेशा महाराज से आशीर्वाद की कामना करते हैं और उनके प्रति गहरी श्रद्धा रखते हैं। विधायक के इस बयान के बाद अब यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है, और लोग इसे आस्था बनाम विवाद के नजरिए से देख रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News