Punjab Kesari MP ads

बुरहानपुर विजय उत्सव में गरजे मुख्यमंत्री मोहन, कांग्रेस पर साधा तीखा हमला - कहा देशभक्तों के बीच जहर घोलने का किया गया कार्य

Wednesday, May 06, 2026-07:36 PM (IST)

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को बुरहानपुर में भाजपा द्वारा आयोजित ‘विजय उत्सव, जन विश्वास का उत्सव‘ में सहभागिता कर झालमुड़ी बांटकर पश्चिम बंगाल, असम एवं पुड्डुचेरी में पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय का उत्सव मनाकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के आजाद होने के बाद कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने देशभक्त लोगों के बीच जहर घोलने का कार्य किया। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल की धरती से ही राष्ट्रभाव के साथ एक सशक्त राजनीतिक दल का सपना देखा था। आजादी के 75 साल बाद बंगाल भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा। बंगाल ने हमें ‘वंदे मातरम्‘ दिया, लेकिन जिस ‘वंदे मातरम्‘ से देश ने अंग्रेजी सत्ता को चुनौती दी, आजादी की लड़ाई लड़ी, पूरे देश में क्रांतिकारियों और देशभक्तों को एक सूत्र में बांधा, उसी भावना के बीच कांग्रेस ने राष्ट्र को खण्डित करने का काम किया। कांग्रेस ने देश भक्तों के बीच भी जहर घोलकर हर मुद्दें को राजनीतिक और जातीय रंग देने का पाप किया। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री, पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता व विधायक अर्चना चिटनीस ने भी संबोधित किया। 

राम मंदिर में ताला लगाने की कीमत चुका रही कांग्रेस पार्टी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2014 के बाद चहुंमुखी विकास कर रहा है। हम सभी को गर्व होना चाहिए कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में ही अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बना और भगवान रामलला मुस्कुरा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने प्रभु श्रीराम के मंदिर में ताला लगाने का पाप किया था। कांग्रेस पार्टी उसी की कीमत चुका रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमें आगे के लक्ष्य भी दिखाई दे रहे हैं। भाजपा वर्ष 2029 का लोकसभा चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी। इसके बाद के चुनावों में भी भाजपा का परचम लहराता रहेगा। विपक्षी दल संविधान को भी मानने को तैयार नहीं हैं। जेल जाने के बाद अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया था। अब ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल का चुनाव हार गईं, इसके बाद भी मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा नहीं देने पर अड़ी हुई हैं। कांग्रेस के साथ होने के कारण विपक्ष के अन्य दल भी कांग्रेस की तरह संविधान को नकारने में लगे हैं। 

प्रधानमंत्री जी गरीब से गरीब व्यक्ति की जिंदगी में बदलाव ला रहे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का कार्य करने का तरीका बहुत अलग है। यही कारण है कि देश में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आ गए हैं। प्रधनमंत्री जी के नेतृत्व में गरीब से गरीब व्यक्ति का जीवन बदलने का कार्य किया जा रहा है। 22 राज्यों में अब एनडीए के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में बंगाल में राष्ट्रवादी भाजपा सरकार स्थापित हो रही है। हमारी सरकार ने निर्णय किया है कि बुरहानपुर क्षेत्र में भविष्य में बड़े उद्योग भी लगाए जाएंगे। 

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री तुलसीराम सिलावट, जिला अध्यक्ष मनोज माने, महापौर  माधुरी अतुल पटेल, विधायक सुश्री मंजू दादू, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानंद महाजन सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News