MP BJP में होगा संगठनात्मक फेरबदल! खाली पदों पर नियुक्तियों को लेकर जल्द होगा फैसला; जिला अध्यक्षों की वन-टू-वन बैठक
Tuesday, Nov 17, 2026-03:32 PM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश भाजपा में नियुक्तियों की तैयारी तेज हो गई हैं। जी हां भाजपा में सत्ता और संगठन के खाली पदों पर जल्द फैसला लिया जाएगा। इसके चलते जिला अध्यक्षों की पांच घंटे मैराथन क्लास लगने वाली है। बैठक में प्रदेश प्रभारी विप्लव देव व संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद रहेंगे। ये नेताओं से वन टू वन बात करेंगे।
जानकारी के अनुसार, कल यानी बुधवार को भोपाल में संभागीय प्रभारी, जिला प्रभारी व अध्यक्षों की मैराथन बैठक होगी। जोकि पांच घंटे तक चलेगी। बैठक में सभी जिला अध्यक्षों से रिपोर्ट मांगी गई है। जिसमें उन्हें बताना होगा कि मोर्चा प्रकोष्ठ और मूल संगठन में कौन-कौन सी नियुक्तियों हो गई हैं। जो नहीं हो सकी हैं उनके रुकने का क्या कारण है ? उन्हें संभावित दावेदारों के नामों की जानकारी भी देनी होगी। बैठक के बाद शाम को प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने दीपावली मिलन समारोह का आयोजन भी रखा है।
बता दें कि इंदौर नगर में भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के अध्यक्ष की घोषणा अब तक नहीं हो पाई है। अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा नेताओं के बीच खींचतान जारी है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तय पैनल से अलग हटकर अंकित रावल का नाम आगे बढ़ाया है, जबकि संघ की ओर से अक्षांशु तिवारी के नाम की पैरवी की जा रही है। इसके अलावा रोहित चौधरी, धीरज खंडेलवाल, निक्की राय, मयूरेश पिंगले और अमित सिंह कुशवाह भी अध्यक्ष पद के दावेदार हैं।
वहीं, ग्रामीण भाजपा में महिला मोर्चा के अध्यक्ष का फैसला अटका हुआ है। मौजूदा अध्यक्ष किरण सिसोदिया को दोबारा जिम्मेदारी देने के लिए विधायक उषा ठाकुर जोर लगा रही हैं, जबकि राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार माया पटेल के नाम का समर्थन कर रही हैं।
इसके अलावा इंदौर नगर और ग्रामीण, दोनों जगह अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्षों की घोषणा भी होना बाकी है। यानी भाजपा संगठन में इन पदों पर नियुक्तियों को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है।

