MP कैबिनेट की बैठक आज, भूमिहीन परिवारों को मुफ्त रजिस्ट्री देने की तैयारी में सरकार; किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी होगी चर्चा
Tuesday, Jun 02, 2026-09:17 AM (IST)
भोपालः आज यानी मंगलवार को मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। बैठक में प्रदेश के भूमिहीन परिवारों को मुफ्त रजिस्ट्री देने की तैयारी में सरकार जुटी हुई है। इसके अलावा किसानों से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा की संभावना है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 48 लाख भूमिहीन परिवारों के लिए सरकार अहम फैसला ले सकती है। माना जा रहा है कि सरकार स्वामित्व योजना के तहत भूमिहीन परिवारों की संपत्ति की रजिस्ट्री बिल्कुल मुफ्त करवाएगी। इन सभी हितग्राहियों को सरकार पहले ही प्रॉपर्टी के कानूनी दस्तावेज यानि संपत्ति कार्ड बनाकर दे चुकी है, जिसे अब रजिस्ट्री में बदला जाएगा। जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
इसके अलावा बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार ने आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए उर्वरकों की उपलब्धता और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। यह समिति किसानों को खाद की उपलब्धता, मूल्य नियंत्रण और बीमा योजना से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव देगी।

