सरकारी घोटाला! बाबू ने किसानों के 63.58 लाख रुपये अपने दोस्तों के खातों में डाले
Sunday, Feb 15, 2026-10:13 PM (IST)
MP News: मध्य प्रदेश में सरकारी सिस्टम की बड़ी चूक सामने आई है। सीहोर जिले की इछावर तहसील में पदस्थ एक बाबू ने किसानों को मिलने वाली आपदा राहत राशि में बड़ा घोटाला कर दिया। आरोपी बाबू ने राहत के लिए आए लाखों रुपये अपने और अपने दोस्तों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
63 लाख 58 हजार 894 रुपये का गबन
इछावर तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक वर्ग-3 लिपिक सुशील कुमार रायकवार ने किसानों को मिलने वाली आपदा राहत राशि में हेराफेरी की। विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कूटरचित दस्तावेजों के जरिए 63,58,894 रुपये अपने व परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जांच में खुली पोल, कलेक्टर ने की सख्त कार्रवाई
घोटाले की पुष्टि होने के बाद सीहोर कलेक्टर बालागुरु के. ने आरोपी बाबू को शासकीय सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। यह कार्रवाई म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत की गई है।
राशि की वसूली भी होगी
जारी आदेश के मुताबिक आरोपी बाबू से दुरुपयोग की गई पूरी राशि 63,58,894 रुपये की वसूली की जाएगी। मामले के सामने आने के बाद तहसील कार्यालय और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन का कड़ा संदेश:
सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वालों पर अब सीधी और सख्त कार्रवाई होगी। किसानों की राहत राशि में गड़बड़ी को प्रशासन ने गंभीर अपराध माना है।

