MP में सरकार के निशाने पर आए एक कमिश्नर और एक कलेक्टर, CS ने बैठक में जमकर हड़काया
Friday, Nov 20, 2026-03:45 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी योजनाओं की प्रगति और आम जनता की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अब सरकार सख्त नजर आ रही है। स्वामित्व योजना और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कई जिलों की खराब स्थिति सामने आने पर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने संभागायुक्तों और कलेक्टरों से सीधे जवाब तलब किया। बैठक में ग्वालियर-चंबल संभाग के कमिश्नर और भिंड कलेक्टर को भी कड़ी नाराजगी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में सामने आया कि प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के कई जिले सरकारी कामकाज की रफ्तार में पिछड़ रहे हैं। दतिया, भिंड, मुरैना, शिवपुरी और रीवा जैसे जिलों में नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से जुड़े प्रकरणों के निराकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा स्वामित्व योजना के तहत पात्र लोगों को अधिकार पत्रक उपलब्ध कराने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर समाधान करने में भी लापरवाही सामने आई।
ग्वालियर कमिश्नर से बोले CS- ध्यान देते तो ऐसी स्थिति नहीं होती
समीक्षा के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग की खराब प्रगति पर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने संभागायुक्त मनोज खत्री से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि कामकाज पर पर्याप्त ध्यान दिया गया होता तो हालात इतने खराब नहीं होते। वहीं, भिंड जिले की प्रगति को लेकर कलेक्टर पवन कुमार जैन से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने 15 दिनों के भीतर स्थिति सुधारने की बात कही। हालांकि, मुख्य सचिव इस जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में केवल आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि अधिकारियों को अपने काम की वास्तविक प्रगति दिखानी होगी।
रीवा में सिर्फ 22 हजार अधिकार पत्रक वितरित, दोबारा सर्वे के निर्देश
स्वामित्व योजना की समीक्षा में रीवा और शहडोल संभाग के कुछ जिलों की स्थिति भी सामने आई। यहां बड़ी संख्या में लोग अधिकार पत्रक नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं। हितग्राहियों का आरोप है कि सर्वे अधूरा होने के कारण उनके नाम योजना के लाभार्थियों में शामिल नहीं हो पाए।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव ने संबंधित जिलों में दोबारा सर्वे कराने के निर्देश दिए। आंकड़ों के मुताबिक रीवा जैसे बड़े जिले में अब तक करीब 22 हजार अधिकार पत्रक ही वितरित किए गए हैं। जबकि इससे छोटे कई जिलों में 50 हजार से लेकर एक लाख तक अधिकार पत्रक बांटे जा चुके हैं। इनमें से करीब 75 प्रतिशत पत्रकों की नि:शुल्क रजिस्ट्री भी कराई जा चुकी है।
भोपाल में 100 दिन पुरानी शिकायतों का सबसे बड़ा अंबार
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में राजधानी भोपाल की स्थिति भी चिंताजनक मिली। 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के मामले में भोपाल सबसे आगे रहा। इसके बाद भिंड, बालाघाट और रतलाम का नाम सामने आया। इन जिलों में भी बड़ी संख्या में शिकायतों का लंबे समय से समाधान नहीं हो पाया है।
7 जिलों में 2000 दिन से ज्यादा पुरानी शिकायतें लंबित
समीक्षा बैठक में एक और चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। मंदसौर, अनूपपुर, धार, मुरैना, निवाड़ी, भिंड और उमरिया ऐसे जिले हैं, जहां कुछ शिकायतें 2000 दिनों से भी अधिक समय से लंबित पड़ी हैं। यानी कई मामलों में शिकायतकर्ताओं को वर्षों बाद भी राहत नहीं मिल सकी है।
इस समीक्षा के बाद मुख्य सचिव ने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनता की शिकायतों का समय पर निराकरण करने में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना होगा कि जिन जिलों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं, वहां आने वाले दिनों में सुधार की रफ्तार कितनी तेज होती है।

