Punjab Kesari MP ads

MP में नौकरी का सुनहरा मौका! 18 साल बाद इन पदों पर होगी भर्ती, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण

Friday, Oct 16, 2026-02:10 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए होमगार्ड भर्ती से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश में करीब 18 साल के लंबे अंतराल के बाद नगर सेना यानी होमगार्ड के रिक्त पदों को भरने की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित भर्ती के तहत कुल 5020 पदों पर नियुक्तियां की जा सकती हैं। भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से शुरू होने की संभावना है। इस भर्ती की खास बात यह है कि पहली बार होमगार्ड के पदों पर प्रदेश स्तर पर भर्ती किए जाने की तैयारी है। अब तक नियुक्तियों की प्रक्रिया जिला स्तर पर होती रही है। ऐसे में नई व्यवस्था से प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को अवसर मिलने की उम्मीद है।

सामान्य ड्यूटी और महाकाल मंदिर की सुरक्षा के लिए होंगी नियुक्तियां

प्रस्तावित भर्ती में 5020 पदों को दो प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 4532 पद सामान्य ड्यूटी के लिए रखे गए हैं, जबकि उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 488 पद प्रस्तावित हैं। मंदिर की सुरक्षा के लिए अलग से जवानों की नियुक्ति किए जाने से इस भर्ती का महत्व और बढ़ गया है।

हालांकि, भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक दक्षता परीक्षा और चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी स्पष्ट होगी। फिलहाल अभ्यर्थियों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

2008 के बाद नियमित भर्ती नहीं, हजारों पद खाली

मध्य प्रदेश में होमगार्ड भर्ती लंबे समय से नहीं होने के पीछे कैडर से जुड़ा फैसला प्रमुख कारण रहा है। होमगार्ड को डाइंग कैडर घोषित किए जाने के बाद वर्ष 2008 से नियमित भर्ती बंद रही। हालांकि, वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान लगभग 2600 जवानों की अस्थायी भर्ती की गई थी। बाद में इन जवानों को नियमित सेवा में शामिल कर लिया गया।

नई नियुक्तियां नहीं होने और समय के साथ जवानों के सेवानिवृत्त होने के कारण रिक्त पदों की संख्या बढ़ती चली गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में होमगार्ड के कुल 15,800 पद स्वीकृत हैं। इनके संचालन के लिए 97 कंपनियां गठित हैं, जबकि स्वीकृत पदों में से 6690 पद खाली बताए गए हैं। ऐसे में 5020 पदों पर प्रस्तावित भर्ती को लंबे समय से चली आ रही रिक्तियों को भरने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान

इस भर्ती में महिला अभ्यर्थियों के लिए भी अवसर बढ़ने की उम्मीद है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इससे होमगार्ड सेवा में महिला उम्मीदवारों की भागीदारी बढ़ सकती है।

प्रदेश में पहले भी महिलाओं को होमगार्ड में भर्ती किया गया है, लेकिन वर्तमान में उनकी संख्या लगभग सेवा की कठिन परिस्थितियों के चलते पहले महिला भर्ती सीमित रही थी। अब महिलाओं की विभिन्न जिम्मेदारियों में बढ़ती भागीदारी को देखते हुए उन्हें अधिक अवसर देने की तैयारी की जा रही है।

SC-ST आरक्षण की स्थिति भी महत्वपूर्ण

महिला आरक्षण के अलावा प्रस्तावित भर्ती में अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 20 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए 15 प्रतिशत पद आरक्षित रखने की जानकारी सामने आई है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं बताई गई है।

फिलहाल अभ्यर्थियों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि 5020 पदों की भर्ती प्रस्तावित है, लेकिन आवेदन शुरू होने और पात्रता की अंतिम जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही सामने आएगी। इच्छुक उम्मीदवार कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर रखें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News