MP पंचायत उपचुनाव की तारीखों का हुआ ऐलान! जानिए किस दिन डाले जाएंगे वोट और कब आएंगे परिणाम
Friday, Nov 06, 2026-11:38 AM (IST)
भोपाल: मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने वाली है। प्रदेश की रिक्त पंचायत सीटों को भरने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में उम्मीदवारों की तैयारियां भी तेज होने की संभावना है। इस उपचुनाव में जिला पंचायत से लेकर जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक चुनावी मुकाबला देखने को मिलेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए 4 दिसंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। इस निर्वाचन प्रक्रिया के तहत जिला पंचायत सदस्य का एक, जनपद पंचायत सदस्य का एक और सरपंच के पांच रिक्त पदों पर चुनाव होगा। यानी कुल सात पदों के लिए मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
12 नवंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 19 नवंबर तक अपने नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। इसके बाद 20 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए 23 नवंबर तक का समय दिया गया है। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रतीक भी आवंटित कर दिए जाएंगे।
4 दिसंबर को मतदान, 8 दिसंबर से मतगणना
निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए 4 दिसंबर की तारीख तय की है। इस दिन सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी होगी।
8 दिसंबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर ईवीएम के जरिए मतों की गिनती की जाएगी। इसी दिन सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं, जिला पंचायत सदस्य के चुनाव की मतगणना भी 8 दिसंबर को होगी, लेकिन इसका आधिकारिक परिणाम अगले दिन यानी 9 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे घोषित किया जाएगा।
चुनावी कार्यक्रम जारी होते ही तैयारियां शुरू
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने उपचुनाव का कार्यक्रम जारी करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी है। आयोग की ओर से संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव संपन्न कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अब सबकी नजरें नामांकन प्रक्रिया और चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों पर रहेंगी।

