Punjab Kesari MP ads

MP में 3 नए जिले बनाने की तैयारी! 4 जिलों को मिलाकर बनेगा नया संभाग, बदल जाएगा मध्यप्रदेश का नक्शा

Wednesday, Nov 25, 2026-03:02 PM (IST)

भोपाल: मध्यप्रदेश में एक बार फिर जिलों और संभागों की सीमाएं बदलने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 44 साल बाद प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। इस कवायद के पूरी होने पर न सिर्फ कई जिलों का स्वरूप बदल सकता है, बल्कि निमाड़ क्षेत्र को नया संभाग भी मिल सकता है। प्रशासनिक पुनर्गठन आयोग इस दिशा में लगातार काम कर रहा है और प्रदेश के जिलों का सर्वे लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है। दरअसल, प्रदेश में लगातार बढ़ती आबादी, दूर-दराज के इलाकों से जिला मुख्यालय तक पहुंचने में होने वाली परेशानी और प्रशासनिक कामकाज को आसान बनाने के उद्देश्य से पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है। आयोग प्रदेश के सभी 55 जिलों की भौगोलिक स्थिति, तहसीलों की दूरी, जनसंख्या और प्रशासनिक जरूरतों का अध्ययन कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, अब तक 50 जिलों का सर्वे पूरा हो चुका है। बाकी जिलों का सर्वे पूरा होने के बाद संभागीय स्तर पर भी सुझाव और आपत्तियां लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

तीन जिलों से निकल सकते हैं नए जिले

इस पूरी कवायद में तीन नए जिलों के गठन की संभावनाएं सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, राजगढ़ जिले से सारंगपुर, गुना जिले से चाचौड़ा और नर्मदापुरम जिले से पिपरिया को अलग कर नए जिले का दर्जा देने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, अभी इन प्रस्तावों पर सरकार की अंतिम मुहर नहीं लगी है। आयोग इन क्षेत्रों की आबादी, भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर उनकी उपयोगिता का आकलन कर रहा है।

यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो मध्यप्रदेश के मौजूदा 55 जिलों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। इससे संबंधित क्षेत्रों के लोगों को सरकारी कामकाज, राजस्व संबंधी मामलों और अन्य प्रशासनिक सेवाओं के लिए दूर स्थित जिला मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

निमाड़ को मिल सकता है नया संभाग

जिला पुनर्गठन के साथ संभागीय व्यवस्था में भी बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। निमाड़ क्षेत्र को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने आया है। इसके तहत खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर जिलों को मिलाकर अलग संभाग बनाने के विकल्प पर विचार हो रहा है। यदि ऐसा होता है तो निमाड़ को अपनी अलग संभागीय पहचान मिल सकती है।

इसके अलावा मौजूदा संभागों में शामिल कुछ जिलों को दूसरे संभागों में स्थानांतरित करने पर भी मंथन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रशासनिक मुख्यालयों की दूरी कम करना और क्षेत्रीय जरूरतों के मुताबिक सरकारी व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

2028 के चुनाव से पहले हो सकता है बड़ा फैसला

मध्यप्रदेश में पिछली बार वर्ष 1982 में जिलों और संभागों की प्रशासनिक सीमाओं का व्यापक परिसीमन हुआ था। इसके बाद नए जिलों का गठन तो किया गया, लेकिन पुरानी प्रशासनिक सीमाओं की नए सिरे से समीक्षा नहीं हुई।

वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद टीकमगढ़ से अलग कर निवाड़ी को प्रदेश का 52वां जिला बनाया गया। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले मऊगंज, पांढुर्णा और मैहर को नए जिलों का दर्जा मिला। इस तरह प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर 55 हो गई।

सरकार की कोशिश है कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले पुनर्गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा सके। हालांकि, नए जिलों और संभागों को लेकर अभी कोई अंतिम सरकारी घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में आयोग की रिपोर्ट और सरकार के फैसलों पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News