Punjab Kesari MP ads

4 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे पुल में कई खामियां, देखते ही भड़के विधायक, अधिकारियों को लगाई फटकार

Tuesday, Jun 02, 2026-05:30 PM (IST)

डिंडोरी (दीपू ठाकुर): अमरपुर विकासखंड में खरमेर नदी पर लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल के निर्माण कार्य में कथित तकनीकी खामियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। क्षेत्रीय विधायक ओम प्रकाश ध्रवे ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

विधायक ने बताया कि अमरपुर को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के एप्रोच मार्ग पर लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ बना दिया गया है। उनका कहना है कि इस तरह का मोड़ यातायात की दृष्टि से बेहद खतरनाक साबित हो सकता है और भविष्य में यहां बड़े हादसों की आशंका बनी रहेगी।

PunjabKesari

निरीक्षण के दौरान विधायक ने जनपद पंचायत एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में बरती गई कथित अनियमितताओं पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

PunjabKesari

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तकनीकी खामियों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि पुल निर्माण में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

उधर, स्थानीय लोगों ने भी पुल के मोड़ को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते डिजाइन में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा। मामले को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों जल्द ही तकनीकी त्रुटि ठीक करने की बात कही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News