Punjab Kesari MP ads

हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल: मुस्लिम युवक ने DSP संतोष को भेंट की गणेश प्रतिमा, अधिकारी ने घर ले जाकर की स्थापना

Tuesday, Sep 15, 2026-01:21 PM (IST)

भोपाल (इजहार खान) : गणेश चतुर्थी के मौके पर हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। भोपाल में पदस्थ DSP संतोष पटेल ने सोशल मीडिया पर गणेश प्रतिमा से जुड़ा एक भावुक प्रसंग साझा किया। DSP संतोष पटेल के मुताबिक, नईम नाम के एक मुस्लिम युवक ने उन्हें भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की। ड्यूटी से लौटते समय DSP प्रतिमा को अपने घर ले गए और मंदिर में स्थापित किया।अपनी पोस्ट में DSP ने लिखा कि वर्दी के अंदर भी त्योहार मनाने का उत्साह और उमंग होती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के कारण पुलिसकर्मी कई बार अपनी भावनाओं के अनुसार त्योहार नहीं मना पाते। शहर में गणेश प्रतिमाएं पंडालों में स्थापित करने के लिए आती हैं तो पुलिसकर्मी उनके आगे-पीछे सुरक्षा में तैनात रहते हैं।

टूटे रिश्ते को जोड़ने की मांगी दुआ

DSP संतोष पटेल ने भगवान गणेश से एक परिवार के टूटे रिश्ते को फिर से जोड़ने की प्रार्थना भी की। उन्होंने लिखा कि होशंगाबाद के एक पति और भोपाल की पत्नी के टूटे हुए रिश्ते को दोबारा जोड़ने की कोशिश चल रही है। गणेश जी इस प्रयास को सफल करें, यही कामना है।उन्होंने आगे लिखा कि जब मंडप के नीचे सात फेरे लिए जाते हैं और गणेश जी का हवन-पूजन करते हुए शादी के बंधन में बंधते हैं, तो गणेश जी की कृपा एक पिता की बेटी और एक मां के बेटे पर बनी रहे।

इस पूरे प्रसंग में खास बात यह रही कि एक मुस्लिम युवक ने गणेश प्रतिमा भेंट की और हिंदू पुलिस अधिकारी ने उसे श्रद्धा के साथ अपने घर ले जाकर स्थापित किया। यह घटना धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत, भाईचारे और एक-दूसरे की आस्था के सम्मान का संदेश देती है। DSP संतोष पटेल ने गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-शांति की कामना की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News