लाखों लोगों के लिए मिसाल बनी किन्नर मीरा, लग्न और मेहनत से हासिल किया मुकाम
Wednesday, Sep 02, 2026-04:43 PM (IST)
अंबिकापुर (सोनू केदार) : जिस समाज ने कभी थर्ड जेंडर को सिर्फ ताली बजाते और खुशियों में नाचते-गाते देखा, उसी समाज के सामने अब एक ऐसी कहानी है, जो सोच बदलने का हौसला देती है। ये कहानी है रघुवंश की, जो आज मीरा के नाम से जानी जाती हैं। मीरा ने न सिर्फ अपनी पहचान को स्वीकार किया, बल्कि अपनी मेहनत से एक नई पहचान बनाने की राह भी चुनी।
मीरा ने UGC NET में JRF और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता हासिल कर एक मिसाल कायम की है और खास बात ये है कि मीरा की मंजिल अभी खत्म नहीं हुई है। वो आगे पढ़ना चाहती हैं। पीएचडी करना चाहती हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए एक नई राह बनाना चाहती हैं। मीरा की इस उपलब्धि से उनका समुदाय भी बेहद उत्साहित है।

अंबिकापुर के मिशन चौक की रहने वाली मीरा यादव की कहानी सिर्फ एक परीक्षा में सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि ये कहानी है पहचान से संघर्ष तक और संघर्ष से सफलता तक के सफर की। कभी रघुवंश के नाम से जानी जाने वाली मीरा ने अपनी पहचान को स्वीकार किया और जिंदगी की चुनौतियों के सामने हार नहीं मानी।
आज मीरा एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा हैं और शिक्षा के जरिए अपने भविष्य को नई दिशा देने में जुटी हैं। UGC NET में JRF और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए पात्रता हासिल करना उनकी बड़ी उपलब्धि है। लेकिन मीरा के सपने यहीं खत्म नहीं होते। वो आगे भी पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं और पीएचडी कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।

मीरा का कहना है कि जिस कम्युनिटी से वो आती हैं, वहां इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था। लेकिन उनके मामा, गुरुजनों और समुदाय के लोगों ने उन पर भरोसा जताया। अपनों के इसी भरोसे और अपनी मेहनत के दम पर मीरा ने UGC NET में सफलता हासिल की।
मीरा की कामयाबी के पीछे उनके परिवार का साथ भी अहम रहा। उनके मामा नन्द कुमार ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। वहीं, ट्रांसजेंडर कम्युनिटी की अध्यक्ष मुस्कान ने भी मीरा को आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित किया। मीरा का सफर आसान नहीं था लेकिन जब अपनों का साथ मिला, तो मुश्किल रास्ते भी आसान होते चले गए।

मीरा की कहानी शायद सिर्फ मीरा की कहानी नहीं है। ये उन तमाम लोगों के लिए उम्मीद है, जो अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन समाज की बंदिशें उनके रास्ते में खड़ी हो जाती हैं। मीरा ने साबित किया है कि पहचान चाहे जो हो मंजिल मेहनत से हासिल की जा सकती है। शिक्षा के जरिए आगे बढ़ने की उनकी कोशिश और UGC NET में मिली सफलता समाज की उन धारणाओं को चुनौती देती है, जो ट्रांसजेंडर समुदाय को सीमित भूमिकाओं में देखने की आदी रही हैं।
मीरा अब आगे पढ़ना चाहती हैं और पीएचडी करना चाहती हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए एक नई राह बनाना चाहती हैं। यही वजह है कि मीरा की ये कामयाबी सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि बदलती सोच और नए सपनों की एक मिसाल है।

