गणेश पंडाल में हत्या! डीजे की आवाज बढ़ाने को लेकर विवाद में युवक पर चाकू से किया हमला
Tuesday, Sep 15, 2026-12:50 PM (IST)
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गणेश पंडाल में डीजे की आवाज बढ़ाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार घटना सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी की है। सोमवार शाम गांव में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास आकाश सूर्यवंशी (22) और अमन सूर्यवंशी (23) के बीच साउंड सिस्टम को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर अमन ने कथित तौर पर चाकू से आकाश के सीने पर चार-पांच वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल आकाश खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने घटना की सूचना डायल-112 को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने वारदात के बाद आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया।
सिविल लाइन नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) परमेश्वर तिलकवार के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और उसके परिजन उसे पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कारर्वाई शुरू कर दी है।

