MP में 103 पंचायत पदों पर मतदान: सुसनेर में EVM नंबर को लेकर विवाद, फर्जी वोटिंग करने आए युवक को पुलिस ने उठाया
Tuesday, Sep 29, 2026-02:15 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत मंगलवार को 103 पदों के लिए मतदान हो रहा है। इनमें 04 पंच, 79 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और पांच जिला पंचायत सदस्य पद शामिल हैं। मतदान के दौरान आगर-मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में वार्ड क्रमांक-7 के मतदान केंद्र पर ईवीएम के सीरियल नंबर को लेकर विवाद के चलते करीब 15 मिनट तक मतदान रुका रहा। स्थिति स्पष्ट होने के बाद मतदान दोबारा शुरू कर दिया गया। सुसनेर में स्थानीय विधायक भैरोंसिंह परिहार ने ईवीएम के फर्जी होने का आरोप लगाते हुए मशीन से संबंधित जानकारी लिखित में उपलब्ध नहीं कराने पर आपत्ति जताई। उनके पास मौजूद पुरानी सूची और ईवीएम के सीरियल नंबर में अंतर पाया गया। इसके बाद दोनों दलों के समर्थक मतदान केंद्र पर एकत्र हो गए। बताया गया कि रैंडमाइजेशन के बाद ईवीएम बदले जाने के कारण सीरियल नंबर में अंतर आया था। दोनों प्रत्याशियों के मौके पर पहुंचने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद मतदान शुरू हुआ। सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के प्रदीप सोनी और कांग्रेस के विष्णु पाटीदार के बीच मुकाबला है। 15 वाडरं के 17 मतदान केंद्रों पर 13,843 मतदाता मतदान कर रहे हैं। मतदान के लिए 159 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मतदान शाम पांच बजे तक होगा।

सुसनेर में फर्जी वोटिंग करने आए युवक को थाने ले गई पुलिस
वहीं आगर-मालवा जिले के सुसनेर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के दौरान एक युवक मतदान केंद्र क्रमांक-09 पर फर्जी मतदान करने के आरोप हैं। आशंका के चलते मौके पर मौजूद कांग्रेस विधायक भैरोसिंह परिहार और बूथ एजेंट ने इसका विरोध किया। इसके बाद पुलिस युवक को थाने ले गई।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने 17 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान होने तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जानकारी दी। कलेक्टर शेर सिंह मीणा और पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया। सुसनेर के एक मतदान केंद्र क्रमांक-09 पर कथित रूप से फर्जी मतदान की कोशिश के आरोप में एक युवक को पुलिस थाने ले गई। मौके पर मौजूद कांग्रेस विधायक भैरोंसिंह परिहार और बूथ एजेंट ने इसका विरोध किया था। वार्ड क्रमांक-10 में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर को मतदान केंद्र के अंदर जाने से एसडीओपी देवनारायण यादव ने रोक दिया। मतदान केंद्र के बाहर जमा भीड़ को भी पुलिस ने हटाया। प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए 4,235 पदों पर चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई थी। इनमें 604 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया, जबकि बड़ी संख्या में पदों पर नामांकन नहीं होने तथा कुछ पदों पर न्यायालय की रोक के कारण मतदान नहीं हो रहा है। पंच के 4,091 पदों में 604 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ और 3,480 पदों पर नामांकन नहीं आया। अब चार पंच पदों पर मतदान हो रहा है। सरपंच के 110 पदों में 21 निर्विरोध चुने गए तथा चार पदों पर न्यायालय की रोक है, जबकि 79 पदों पर मतदान हो रहा है। जनपद पंचायत सदस्य के 28 पदों में 12 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ और 15 पदों पर मतदान हो रहा है। जिला पंचायत सदस्य के पांच पदों पर मतदान हो रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में मतदान के दौरान अलग-अलग मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया।

शाजापुर की पतोली पंचायत में सुबह 11 बजे तक 75 प्रतिशत और पनवाड़ी में 55 प्रतिशत मतदान हुआ। सारंगपुर जनपद की सुल्तानिया पंचायत में आठ प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है और सुबह 11 बजे तक 48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। आलीराजपुर के सोंडवा में 6,800 मतदाताओं में से 2,436 ने सुबह 11 बजे तक मतदान किया, जो 35.77 प्रतिशत रहा। सोंडवा जनपद वार्ड-18 में सुबह नौ बजे तक 16.02 प्रतिशत मतदान हुआ। झाबुआ जिला पंचायत वाडर्-6 में सुबह 11 बजे तक 31.89 प्रतिशत और थांदला जनपद की पलासड़ोर पंचायत में 63.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नलखेड़ा जनपद पंचायत के दो वाडरं में सुबह 11 बजे तक 39.76 प्रतिशत मतदान हुआ। मऊगंज जिले में सुबह 11 बजे तक 36.98 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें नईगढ़ी में 41.27 और हनुमना में 35.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सीधी जिले के दो जनपद पंचायत क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक 16.4 प्रतिशत मतदान हुआ। रतलाम के इटावा माताजी में सरपंच पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं और सुबह नौ बजे तक 35.34 प्रतिशत मतदान हुआ। बालाघाट की भरवेली, एकोड़ी और खुरपुड़ी पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान जारी रहा। छतरपुर की सुकवां, सीलोन और मउमसनियां पंचायतों में सरपंच तथा सेवड़ी पंचायत के वाडर्-18 में पंच पद के लिए मतदान हुआ।
दमोह के बटियागढ़ क्षेत्र में 12 मतदान केंद्रों पर जनपद सदस्य पद के लिए वोट डाले गए। कटनी की भेड़ा और घाना पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान हुआ। नर्मदापुरम जिले की सांवलखेड़ा, मिसरोद और फरीदपुर पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान हुआ। मिसरोद के दो मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे तक 100 मतदाता मतदान कर चुके थे। डिंडौरी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंजू पवन भदौरिया ने कोकोमटा मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। खरगोन जिला पंचायत वाडर्-19 में 22 पंचायतों के 75 मतदान केंद्रों पर 41,529 मतदाता मतदान कर रहे हैं। यहां भाजपा समर्थित योगेश यादव, कांग्रेस के भारत यादव और निर्दलीय राजाराम खांडे मैदान में हैं। 15 संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
रायसेन जिला पंचायत वाडर्-3 के सालेरा और मऊ पथरई गांव के ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली और सड़क निर्माण की मांग को लेकर शुरुआत में मतदान का बहिष्कार किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद दोनों स्थानों पर मतदान शुरू हुआ। पंचायत उपचुनाव में सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों की मतगणना तीन अक्टूबर को सुबह आठ बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम पांच अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। हालांकि नर्मदापुरम जिले की सांवलखेड़ा, मिसरोद और फरीदपुर पंचायतों की मतगणना 30 सितंबर को तहसील कार्यालय में होगी।

