पंचायत सदस्य उपचुनाव: मेहगांव 41.85 प्रतिशत मतदान, सरपंच के लिए 82.94 फीसदी वोटिंग
Tuesday, Sep 29, 2026-08:17 PM (IST)
रायसेन (शिवलाल यादव) : त्रि-स्तरीय पंचायत उपनिर्वाचन-2026 के तहत मंगलवार को जिले में जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक-3 मेहगांव और ग्राम पंचायत कन्हवार में सरपंच पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सांची विकासखंड के जिला पंचायत सदस्य वार्ड-3 मेहगांव में मतदान का प्रतिशत 41.85 प्रतिशत रहा, जबकि बाड़ी विकासखंड की ग्राम पंचायत कन्हवार में सरपंच पद के लिए 82.94 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।
जिला पंचायत सदस्य मेहगांव वार्ड-3 में कुल 45,969 मतदाता थे। इनमें से 19,236 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कुल मतदान में 12,042 पुरुष और 7,194 महिला मतदाता शामिल रहे। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 50.66 प्रतिशत, जबकि महिलाओं का मतदान प्रतिशत 32.41फीसदी रहा।

कन्हवार में 82.94 प्रतिशत मतदान, पुरुष-महिलाओं की भागीदारी लगभग बराबर
बाड़ी विकासखंड की ग्राम पंचायत कन्हवार में सरपंच पद के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। यहां कुल 1,067 मतदाताओं में से 885 मतदाताओं ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 82.94 फीसदी रहा। इनमें 473 पुरुष और 412 महिला मतदाता शामिल हैं। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 82.98 प्रतिशत रहा।जबकि महिलाओं का 82.90 फीसदी रहा।
कलेक्टर-एसपी ने बूथों पर पहुंचकर देखी व्यवस्था
मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा और एसपी आशुतोष गुप्ता एसडीएम मनीष शर्मा जिला सीईओ कमल सोलंकी ने भी कई मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने नकतरा, वनखेड़ी, मुगालिया, गिरवर कोटरा नरवर खंडेरा सहित अन्य ग्रामों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई। अब मतगणना के बाद जिला पंचायत सदस्य मेहगांव वार्ड-3 और कन्हवार पंचायत के सरपंच पद के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।

मेहगांव जिला पंचायत उपचुनाव: कलेक्टर-एसपी ने बूथों का निरीक्षण कर लिया मतदान का जायजा
त्रि-स्तरीय पंचायतों के उपनिर्वाचन 2026 पूर्वार्द्ध के तहत मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक-3 मेहगांव के उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ निर्वाचन प्रक्रिया पर प्रशासन की लगातार नजर रही। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नकतरा, वनखेड़ी, मुगालिया, सालेरा, सुंड, महू पथरई गिरवर, नरवर बनखेड़ी खंडेरा सहित अन्य ग्रामों में पहुंचकर मतदान प्रक्रिया देखी। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर और एसपी ने मतदान दलों से भी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और कर्मचारियों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनीष शर्मा, तहसीलदार भरत सिंह मंडले सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी और पुलिस बल की तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी रही।

