Punjab Kesari MP ads

नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या... और फिर आत्म*हत्या की झूठी कहानी रची, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Wednesday, Sep 30, 2026-02:07 PM (IST)

बिलासपुरः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या करने और घटना को आत्महत्या का रूप देने के आरोप में पुलिस ने उसके पति, देवर और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉटर्म रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक ग्राम सकरर निवासी दुर्गा निर्मलकर (26) की शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद उनकी दो बेटियां हुईं। मायके पक्ष का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद दुर्गा को ससुराल में शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ति किया जाने लगा। पति पर उसके साथ मारपीट करने और मायके से एक लाख 65 हजार रुपए लाने का दबाव बनाने का भी आरोप है। दुर्गा के भाई विदेशी निर्मलकर ने आरोप लगाया कि उनकी बहन को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ति करते थे और उससे एक लाख 65 हजार रुपए की मांग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि शादी के बाद दो बेटियां होने पर भी दुर्गा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ति किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट की जाती थी।

26 सितंबर को दुर्गा के मायके पक्ष को उसके बेहोश होने की सूचना मिली थी। उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया और हालत गंभीर होने पर सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुराल पक्ष ने मायके वालों को दुर्गा के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या का संदेह जताते हुए ससुराल वालों पर आरोप लगाए। पोस्टमॉटर्म रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान ससुराल पक्ष के बयानों में विरोधाभास सामने आया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दहेज को लेकर दुर्गा को लगातार प्रताड़ति किया जा रहा था। 26 सितंबर को विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और गले में पट्टा डालकर खींचा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया गया। पड़ोसियों ने दुर्गा को फंदे पर लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News