तैरना नहीं आता, फिर भी नदी में उतर गया बिट्टू, CM ने कहा- ‘हमारा छोटा बिट्टू’
Saturday, Sep 05, 2026-01:05 PM (IST)
भोपाल। कभी-कभी बदलाव की शुरुआत किसी बड़े अभियान से नहीं, बल्कि एक छोटे से जिद्दी कदम से होती है। राजगढ़ के ब्यावरा में 20 साल के बीएससी छात्र बिट्टू ‘तबाही’ ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया। अजनार नदी में जमा गंदगी देखकर उसने तय किया कि शिकायत करने के बजाय खुद नदी की सफाई शुरू करेगा। खास बात यह थी कि बिट्टू को तैरना तक नहीं आता था। इसके बावजूद वह नदी के गंदे पानी में उतरता रहा और प्लास्टिक, पूजा सामग्री समेत कचरा निकालकर बाहर लाता रहा। धीरे-धीरे उसकी यह मुहिम सोशल मीडिया पर पहुंची और देखते ही देखते उसकी कहानी राजगढ़ से निकलकर देश-दुनिया तक चर्चा में आने लगी।
जब नदी की सफाई करते-करते मुख्यमंत्री तक पहुंची कहानी
बिट्टू की इस पहल से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उसे भोपाल बुलाया। सीएम हाउस में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उसकी पीठ थपथपाई और उसके प्रयास की सराहना करते हुए कहा- “पवित्र काम करा, अच्छा लगा... बिट्टू हमारा छोटा बिट्टू।” मुख्यमंत्री ने बिट्टू को ‘जय श्री महाकाल’ का दुपट्टा पहनाकर प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया।

बिट्टू ने सीएम से भी कह दी बड़ी बात
मुलाकात के दौरान बिट्टू ने नदी की सफाई को लेकर साफ कहा कि सिर्फ सरकार के भरोसे नदियां साफ नहीं होंगी। सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बिट्टू के मुताबिक, “सरकार तो कर ही रही है नदी के लिए, मगर लोगों को भी सुधरना चाहिए। हमें और जो नए युवा आ रहे हैं, उन्हें भी सुधरना चाहिए कि नदी को सुधारकर रखें। उसका मानना है कि जब तक लोग नदी में कचरा डालना बंद नहीं करेंगे, तब तक सफाई का अभियान अधूरा रहेगा।
इंफेक्शन हुआ, जेब से 30 हजार खर्च हुए… लेकिन जिद नहीं टूटी
नदी की सफाई करना बिट्टू के लिए आसान नहीं था। सुरक्षा उपकरणों के अभाव में गंदे पानी में उतरने से उसके हाथों में इंफेक्शन तक हो गया। इसके बावजूद उसने सफाई अभियान बंद नहीं किया। दोस्तों के साथ मिलकर उसने सफाई के उपकरण और डस्टबिन खरीदे। अब तक वह करीब 30 हजार रुपए अपनी जेब से खर्च कर चुका है। नदी से निकलने वाली पूजा सामग्री को भी वह अलग करता है और उससे कंपोस्ट बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
लोगों ने लाइक्स के लिए काम करने का आरोप लगाया, बिट्टू चुपचाप जुटा रहा
सोशल मीडिया पर बिट्टू के सफाई अभियान के वीडियो खूब शेयर हुए। कई लोगों ने उसके काम की तारीफ की और विदेशों तक से प्रतिक्रियाएं आईं। हालांकि कुछ लोगों ने यह आरोप भी लगाया कि वह लाइक्स और पब्लिसिटी के लिए यह सब कर रहा है। बिट्टू ने इन सवालों का जवाब बहस से नहीं, बल्कि अपने काम से दिया। आलोचनाओं को किनारे रखकर वह लगातार अजनार नदी की सफाई में जुटा रहा।
तीन साल से जल संरक्षण पर काम कर रही सरकार: CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिट्टू से कहा कि सरकार पिछले तीन साल से जल संरक्षण पर लगातार काम कर रही है। कुएं, बावड़ी, नदी और तालाबों के संरक्षण को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। बिट्टू की पहल को इसी अभियान की भावना से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन का आधार है और युवाओं को भी पानी और पर्यावरण बचाने के लिए आगे आना चाहिए।

