मध्य प्रदेश के इस जिले का बदलेगा अब नाम, MLA ने CM से किया ये नया नाम रखने का आग्रह
Sunday, Feb 15, 2026-03:31 PM (IST)
(बुरहानपुर): CM मोहन यादव के बुरहानपुर दौरे पर कई सौगातें और ऐलान देखने को मिले हैं। बुरहानपुर में सीएम ने सौगातों की बारिश करते हुए करीब 696 करोड़ 37 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान बुरहानपुर की विधायक एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने एक बड़ी मांग सीएम मोहन यादव से की। अर्चना चिटनीस ने शाहपुर को श्रीरामचन्द्र गमन पथ में शामिल करने की मांग की।
अर्चना चिटनीस ने बुरहानपुर का नाम बदलकर 'ब्रह्मपुर' करने की मांग की
कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने मोहन यादव से एक बड़ी मांग करते हुए बुरहानपुर का नाम बदलने की मांग कर दी। उन्होंने बुरहानपुर का नाम बदलकर ब्रह्मपुर करने का आग्रह किया है। वैसे आपको बता दें कि सीएम मोहन यादव ने पिछले साल 70 जगहों के नाम बदलने का ऐलान किया था। इसी कड़ी में अर्चना चिटनीस ने बुरहानपुर का नाम बदलकर ब्रह्मपुर करने की मांग की है।
बुरहानपुर के विकास के लिए सीएम ने जताई प्रतिबद्धता
बुरहानपुर में सीएम मोहन ने कहा था कि बुनकरों के शहर एवं माँ ताप्ती के आशीर्वाद से समृद्ध बुरहानपुर में को विकास की गति देने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से सीएम ने ₹696.37 करोड़ लागत के 80 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करके जिले के लोगों को खुश करने का काम किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट निर्माण, केला उत्पादक किसानों के हित में वैल्यू एडिशन, भंडारण एवं प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना तथा कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित करने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

