महिला सफाई मित्र के साथ बड़ा हादसा, बस की छत से फेंका गया भारी पार्सल सीधा नीचे झाड़ू देते सफाई मित्र पर गिरा,
Sunday, May 10, 2026-03:33 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में दिन-रात एक करने वाली महिला सफाई मित्रों के साथ एक बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है। राजमोहल्ला इलाके में जब एक महिला सफाई मित्र अपनी ड्यूटी कर रही थी, तभी एक ट्रैवल्स बस के कर्मचारी ने बिना देखे बस के छत्त के ऊपर से भारी पार्सल फेंक दिया। यह पार्सल सीधे महिला के ऊपर गिरा,जिससे वो धडाम से नीचे गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। नगर निगम ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।

दरअसल शहर के राजमोहल्ला क्षेत्र में सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर सफाई कर रही एक महिला सफाई मित्र अचानक दर्द से चीखी । दरअसल, वहां खड़ी एक बस से सामान उतारने के दौरान ट्रेवल्स कर्मचारी ने बड़ी लापरवाही बरती और भारी-भरकम पार्सल ऊपर से नीचे फेंक दिया। महिला कर्मचारी नीचे काम कर रही थी और पार्सल सीधे उसके ऊपर जा गिरा। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कर्मचारी ने नीचे देख रहे बिना ही यह पार्सल फेंका, जो महिला के लिए काल बन सकता था। घायल महिला सफाई मित्र को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के आला अधिकारी भी मौके पर पहुँचे और बस संचालक के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अब सीसीटीवी के आधार पर आरोपी कर्मचारी की पहचान कर रही है। शहर की स्वच्छता की कमान संभालने वाली दीदियों की सुरक्षा के साथ ऐसा खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

