MP की इस नगर परिषद का कारनामा! कलेक्टर की आंखों में झोंकी धूल...सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से हुआ खुलासा
Monday, Sep 14, 2026-05:35 PM (IST)
दमोह (इम्तियाज़ चिश्ती) : दमोह जिले की पटेरा नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब तक आम जनता को गुमराह करने के बाद अब नगरपरिषद वरिष्ठ अपने जिले और संभाग के अधिकारियों को भी गुमराह करने में माहिर होती नजर आ रही है।

मामला 11 सितंबर का है। जब दमोह कलेक्टर और संभागीय कमिश्नर के दौरे से कुछ घंटे पहले कुंडलपुर रोड के किनारे स्थित एक बड़े गड्ढे को आनन-फानन में अस्थाई रूप से लोहे की जाली डालकर बंद कर दिया गया था लेकिन लोगों का आरोप है कि जैसे ही कलेक्टर वापस लौटे, नगर परिषद के कर्मचारियों ने गड्ढे को बंद करने के लिए लगाई गई सामग्री को वापस उठा लिया और गड्ढे को फिर से खोल दिया। उसके बाद मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई थी कि इसी बीच सामग्री हटाते हुए का वीडियो एवं फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जब ख़बर नगरपरिषद पटेरा के जिम्मदारों को लगी तो आनन फानन फिर मजबूरन नगरपरिषद के कर्मचारियों ने वही सड़क का गड्ढा बन्द करने रेत और सीमेंट का मटेरियल लाकर उसे बन्द कराया। इस पूरी घटना के साक्ष्य भी सामने आए हैं, जिससे साफ है कि यह व्यवस्था केवल दिखावे और अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए की गई थी। सड़क के बीचों-बीच खुले गड्ढे से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था, फ़िलहाल अब सड़क का गड्डा बन्द करवा दिया गया है।

