Punjab Kesari MP ads

मुख्यमंत्री के VIP काफिले से 20 मिनट जाम में फंसा मरीज का वाहन, देर होती तो जा सकती थी जान

Friday, Aug 07, 2026-01:49 PM (IST)

छिंदवाड़ा (साहुल सिंह): शुक्रवार को सीएम डॉ मोहन यादव के छिन्दवाड़ा आगमन के दौरान इमलीखेड़ा एयर स्ट्रिप के सामने वाली सड़क को प्रशासन द्वारा पूर्ण रूप से ब्लॉक कर दिया गया था,जब सीएम का आगमन हुआ तब उसी दौरान एक कार में बेहोश मरीज को लेकर उसके परिजन उसी जाम में फस गए और मरीज को ले जाने के लिए वहां मौजूद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से मिन्नतें करने लगे।

बताया गया कि सीएम का काफिला जाने तक मार्ग नहीं खोला गया। जिसके बाद वहां मौजूद पत्रकारों के हस्तक्षेप के बाद सीएम का काफिला जाने के काफी देर बाद मार्ग खुला और फिर मरीज के परिजन जैसे तैसे मरीज को अस्पताल लेकर रवाना हुए। बताया जा रहा है कि मरीज ग्राम महू का निवासी है और बेहोश हो जाने के बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी। बेहोश मरीज को जिला अस्पताल ले जाने के बाद उसका तत्काल उपचार आरंभ किया गया। मीडिया से चर्चा में डॉक्टर सौरभ शर्मा ने बताया कि कुछ देर अगर और होती तो मरीज की जान भी जा सकती थी।

बता दें कि आज एक दिवसीय छिंदवाड़ा प्रवास पर सीएम मोहन यादव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जन विश्वास अभियान का शुभारंभ किया। जिसके बाद छिंदवाड़ा से पूरे प्रदेश में जन विश्वास अभियान की शुरुआत हुई। वहीं, सीएम यादव ने मीडिया एवं उद्योग जगत के लोगों से सीधा संवाद किया है। विश्वास जन अभियान में आमजनों की समस्याओं को भी सीधे सुना गया। इस मौके पर एफडीडीआई में प्रमोशन हुए अधिकारी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया है।

लेकिन, इससे पहले उनका वीआईपी काफिला चर्चा में आ गया है। क्योंकि सड़क जाम की वजह से एक मरीज की जान पर बन आई। खास बात यह है कि पीएम मोदी की अपील के बाद सीएम समेत नेताओं ने अपना काफिला घटा दिया था। पीएम मोदी की अपील पर सीएम मोहन ने काफिले से कई गाड़ियां हटाईं गई। 13 की जगह केवल 8 वाहनों के काफिले के साथ निकले। साथ ही मंत्रियों को  सादगी के निर्देश भी दिए गए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News